एचआरटीसी के कर्मियों को जून के 15 दिन बीत जाने के बाद नहीं मिला मई माह का वेतन
HNN/ नाहन
हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम के हजारों कर्मचारियों को मई महीने का वेतन नहीं मिला है। जून महीने की 15 तारीख भी बीत चुकी है लेकिन वेतन को लेकर कर्मचारियों का इंतज़ार खत्म नहीं हुआ है। वेतन न मिलने पर एचआरटीसी ड्राइवर यूनियन, इंटक, बीएमएस और डीएनसी सदस्यों में सरकार के प्रति लगातार रोष बढ़ता जा रहा है।
हिमाचल पथ परिवहन निगम प्रदेश सहित उत्तर भारत के जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, चंडीगढ़ और दिल्ली में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। हिमाचल पथ परिवहन निगम में 4600 चालक, 4400 परिचालक तथा एक हजार के करीब मैकेनिकल तथा अन्य ऑफिस स्टाफ है, जिन्हें की पिछले कुछ समय से समय पर वेतन नहीं मिल रहा है।
एचआरटीसी ड्राइवर यूनियन राज्य कार्यकारिणी के सह कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि यूनियन के सदस्य समय पर वेतन के लिए सरकार को ज्ञापन दे चुके हैं। फिर भी समय पर वेतन ना मिलने से कर्मचारियों में रोष पनप रहा है। हिमाचल पथ परिवहन निगम दुर्गम से दुर्गम क्षेत्रों में कठिन परिस्थितियों में लगातार सेवाएं दे रहा है।
वर्तमान में एचआरटीसी की बसें 3372 बसें 4 हजार से अधिक अधिक रूटों पर चल रही है। हिमाचल पथ परिवहन निगम से संबंधित चालक यूनियन, इंटक, बीएमएस और डीएनसी सभी सदस्यों ने एक मांग में सरकार से एक और दो तारीख को वेतन जारी करने की गुहार लगाई है।
एचआरटीसी कर्मचारियों का कहना है कि समय पर वेतन ना मिलने से उन्हें परिवार चलाने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उधर जब इस संदर्भ में हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार से संपर्क किया गया। तो उन्होंने बताया कि एचआरटीसी कर्मियों के वेतन का मामला वित्त विभाग को भेजा गया है।
जैसे ही वित्त विभाग से निर्देश जारी होगा, कर्मचारियों को वेतन जारी कर दिया जाएगा। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि कितना समय लगेगा, यह बताना तो मुश्किल है। मगर जब भी वित्त विभाग से मंजूरी मिलेगी, तो कर्मचारियों को वेतन जारी कर दिया जाएगा।