HNN/ शिमला
कोरोना वायरस के बाद देश में अब नए वायरस एच3एन2 इन्फ्लूएंजा ने लोगों को चिंता में डाल दिया है। केंद्र सरकार की ओर से राज्य सरकार को एच3एन2 इन्फ्लूएंजा वायरस में एहतियात बरतने की एडवाइजरी जारी कर दी गई है। प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग ने इसे लेकर राज्य में अलर्ट जारी करते हुए सभी सीएमओ को इसे लेकर निर्देश जारी करते हुए भीड़ वाली जगहों से बचने और मास्क अनिवार्य रूप से पहनने के लिए सचेत किया है।
वायरस से बचाव के लिए केंद्र सरकार ने राज्यों के स्वास्थ्य विभागों के लिए अलग से गाइडलाइन भी जारी की है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक हेमराज बैरवा ने इसकी पुष्टि की है। हिमाचल के पड़ोसी राज्य हरियाणा में इससे संबंधित मरीज के सामने आने के बाद सरकार सतर्क हो गई है।
इस फ्लू की चपेट मेें आने से हरियाणा निवासी एक कैंसर पीड़ित व्यक्ति की मौत हो गई थी। सभी सीएमओ को कहा गया है कि जिस भी मरीज में इसके लक्षण नजर आएं, उनका समय रहते निरीक्षण और उपचार होना चाहिए।
क्या है एच3एन2 इन्फ्लूएंजा वायरस
सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रीवेंशन के मुताबिक 2009 के एच1एन1 महामारी वायरस से मैट्रिक्स (एम) जीन के साथ इन्फ्लूएंजा एच3एन2 वेरिएंट वायरस जिसे एच3एन2 “वी” वायरस के रूप में भी जाना जाता है। यह वायरस पहली बार जुलाई 2011 में लोगों में पाया गया था।
इस वायरस की पहली बार 2010 में अमेरिका में सुअरो में पहचान की गई थी। 2011 के दौरान एच3एन2 “वी” से 12 लोगों के संक्रमित होने का पता चला था। 2012 के दौरान एच3एन2 “वी” के कई प्रकोप हुए जिसके परिणामस्वरुप अमेरिका में 309 मामले आए थे।
क्या है इस संक्रमण के लक्षण
इस वायरस से बचने के लिए आईसीएमआर ने एडवाइजरी जारी की है। डॉक्टर्स के मुताबिक इन्फ्लुएंजा के अधिकतर मरीजों में एक जैसे लक्षण हैं। जैसे खांसी, गले में संक्रमण, शरीर में दर्द, नाक से पानी आना।
एम्स के पूर्व डायरेक्टर डॉक्टर रणदीप गुलेरिया ने कहा कि H3N2 एक प्रकार का इन्फ्लूएंजा वायरस है, जिसके मरीज हर साल इस समय सामने आते हैं। यह ऐसा वायरस है, जो समय के साथ म्यूटेट होता है।

