Loading...

एफटीए पर कांग्रेस फैला रही भ्रम, सेब बागवानों को गुमराह न किया जाए

PRIYANKA THAKUR 31 Mar 2026 Edited 31 Mar 1 min read

Himachalnow / शिमला

डॉ. जनक राज ने कांग्रेस पर एफटीए को लेकर सेब बागवानों को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विदेशी सेब सस्ते नहीं होंगे और प्रीमियम श्रेणी में ही बाजार में आएंगे। केंद्र सरकार द्वारा सेब उत्पादकों के हित सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त प्रावधान किए गए हैं।

शिमला

भाजपा नेता एवं विधायक डॉ. जनक राज ने कांग्रेस पर सेब बागवानों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौतों (एफटीए) को लेकर कांग्रेस भ्रामक बयानबाजी कर रही है, जबकि केंद्र सरकार ने सेब उत्पादकों के हितों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त प्रावधान किए हैं।डॉ. जनक राज ने कहा कि भारत में सेब आयात जरूर होता है, लेकिन इसके बावजूद घरेलू उत्पादकों के हित सुरक्षित रखने के लिए नीतियां बनाई गई हैं। उन्होंने दावा किया कि यूरोपियन यूनियन के साथ समझौते में सेब आयात के लिए सीमित कोटा रखा गया है और ₹80 प्रति किलो न्यूनतम आयात मूल्य तय किया गया है, ताकि सस्ते विदेशी सेब भारतीय बाजार में प्रवेश न कर सकें।

उन्होंने कहा कि विदेशी सेब का वास्तविक मूल्य केवल आयात दर से तय नहीं होता। ढुलाई, कोल्ड स्टोरेज और अन्य खर्च जुड़ने के बाद यह मंडियों तक पहुंचते-पहुंचते ₹120 से ₹150 प्रति किलो तक पड़ता है। ऐसे में विदेशी सेब स्थानीय बाजार में सस्ता विकल्प नहीं, बल्कि प्रीमियम श्रेणी का उत्पाद ही रहेगा।भाजपा विधायक ने कहा कि न्यूज़ीलैंड और अमेरिका से आने वाले सेब भी महंगे वर्ग में होंगे, जिससे हिमाचल के बागवानों की कीमतों पर कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी केवल राजनीतिक लाभ के लिए झूठा डर फैलाने का काम कर रही है।

डॉ. जनक राज ने कहा कि केंद्र सरकार बागवानों के हितों को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उत्पादन, तकनीक तथा विपणन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल का बागवान अब जागरूक है और कांग्रेस के भ्रामक प्रचार में नहीं आने वाला।

Related Topics: