कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में हमीरपुर में जोरदार प्रदर्शन, आतंकवाद का पुतला फूंका
हमीरपुर
हिंदू समाज में उबाल, गांधी चौक पर गूंजे पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे, 2 घंटे बंद रहा बाजार
कश्मीर के पहलगाम में हिंदुओं पर हुए आतंकी हमले को लेकर हमीरपुर शहर में गुस्से की लहर दौड़ गई। मंगलवार को गांधी चौक पर हिंदू संगठनों द्वारा जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पाकिस्तान मुर्दाबाद और आतंकवाद विरोधी नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने आतंकवाद का पुतला जलाकर अपने आक्रोश का इज़हार किया।
भारत माता की जय के नारों से गूंजा शहर
प्रदर्शन के दौरान पूरा शहर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” जैसे नारों से गूंज उठा। इस मौके पर पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष लोगों की आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन भी रखा गया। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने हमले को बेहद कायरतापूर्ण बताते हुए कहा कि यह हमला सिर्फ निर्दोषों पर नहीं बल्कि पूरे देश की आत्मा पर चोट है।
बाजार रहा दो घंटे बंद, बाद में दुकानदारों ने खोली दुकानें
शहर के बाजार को सुबह 9 बजे से 11 बजे तक बंद रखने का निर्णय लिया गया था। लेकिन गांधी चौक पर विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में दुकानदारों के शामिल होने के कारण बाजार 11:30 बजे तक बंद रहा। दुकानदारों ने एकजुट होकर इस आतंकी कृत्य की कड़ी निंदा की और सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की।
हिंदू संगठनों ने जताया गहरा रोष, एकता का संदेश दिया
प्रदर्शन के जरिए हिंदू संगठनों ने न सिर्फ आतंकी हमले का विरोध किया बल्कि एकता और भाईचारे का भी संदेश दिया। प्रदर्शन में शामिल सभी लोगों ने यह संकल्प लिया कि जब तक आतंकवाद का खात्मा नहीं होता, तब तक इस तरह की आवाजें उठती रहेंगी। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जाए।