Loading...

कांग्रेस की सरकार बनने के बाद नाहन में विकास कार्य हुए बंद- बिंदल

Ankita 11 Feb 2024 Edited 11 Feb 1 min read

बिंदल बोले- किसी भी नए काम के लिए नाहन नगर परिषद को धन उपलब्ध नहीं करवा रही प्रदेश सरकार

HNN/ नाहन

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल ने एक प्रेस बयान जारी कर कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद विगत 14 महीने में विकास कार्य बंद हो गए है। उन्होंने कहा कि नाहन का इलाका भाजपा सरकार में तेज गति से विकास की ओर अग्रसर था परन्तु वर्तमान सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की सरकार बनने के बाद से केवल और केवल संस्थानों को बंद करने का काम हुआ है।

बिन्दल ने कहा कि नाहन आगे बढ़ने के बजाए पीछे हटा है। डॉ. बिन्दल ने कहा कि बीडीओ दफ्तर के निर्माण को कांग्रेस पार्टी ने, कांग्रेस के विधायकों ने 40 साल लटका कर रखा और हमारे प्रयासों से भूमि का चयन हुआ, धन का प्रावधान हुआ, शिलान्यास हुआ और 2022 के चुनावों तक बीडीओ दफ्तर का पूरा भवन बनकर तैयार हो चुका था परन्तु आचार संहिता लगने के कारण इसका उद्घाटन नहीं हो सका।

उन्होंने कहा कि विगत 14 महीने तक इस भवन को सिर्फ इसलिए उपयोग में नहीं लाया गया ताकि इसका उ‌द्घाटन करके श्रेय लिया जा सके, जो निंदनीय है। इसी प्रकार अनेक-अनेक भवन जिनका कार्य हमने भाजपा सरकार के दौरान शुरू कर दिया था उन कार्यों को लटका-लटका कर किया जा रहा है।

बिंदल ने कहा कि इन सभी भवनों के निर्माण हेतु सम्पूर्ण धनराशि पूर्व की भाजपा सरकार में हमारे द्वारा उपलब्ध करवाई जा चुकी है, केवल राजनीतिक लाभ लेने के लिए कामों को लंबित करना नाहन क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि नाहन शहर में दो मंजिला पार्किंग और नगर परिषद भवन का कार्य गत भाजपा सरकार में शुरू हुआ।

बिंदल ने कहा कि पार्किंग पूरी हो चुकी है और नगर परिषद के भवन निर्माण के लिए पैसे नहीं दिए जा रहे है। इसी प्रकार नगर परिषद द्वारा किए जाने वाले विकास कार्यों में धन उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा जिससे शहर के लोगों को हानि हो रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में रानी झांसी पार्क, महाराणा प्रताप पार्क, पक्का टैंक पर पार्क, हाउसिंग बोर्ड में पार्क, शिमला रोड़ पर पार्किंग, बस अड्डे पर अति सुंदर बहुमंजिला पार्किंग, गुरू गोविंदगढ़ मोहल्ला पार्क आदि अनेक कार्यों का निर्माण कराया गया था। जबकि अब किसी भी नए काम के लिए प्रदेश की सरकार नाहन नगर परिषद को धन उपलब्ध नहीं करवा रही है।