कांग्रेस नेता बृजराज ठाकुर की बेटी के विवाह समारोह में होंगे शामिल, जन समस्याएं भी सुनेंगे सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 20 जून को रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के टुटवी गांव का दौरा करेंगे। वह कांग्रेस नेता बृजराज ठाकुर की बेटी के विवाह समारोह में शामिल होने के साथ स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
संगड़ाह
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 20 जून को जिला सिरमौर के रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भवाई पंचायत के टुटवी गांव पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां पूर्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव एवं पूर्व प्रधान बृजराज ठाकुर की बेटी के विवाह समारोह में शामिल होंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11:45 बजे हरिपुरधार स्थित थैना का बाग हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद वह दोपहर 12:15 बजे से एक बजे तक टुटवी गांव में आयोजित विवाह समारोह में शिरकत करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री स्थानीय लोगों से भी मुलाकात करेंगे तथा जन समस्याएं सुनेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को केवल सामाजिक कार्यक्रम नहीं बल्कि राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के विधानसभा क्षेत्र में बृजराज ठाकुर को कांग्रेस का प्रभावशाली चेहरा माना जाता है। ऐसे में मुख्यमंत्री की मौजूदगी के बाद क्षेत्र में कांग्रेस संगठन की गतिविधियों के और तेज होने की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
बृजराज ठाकुर लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े रहे हैं। सुखविंद्र सिंह सुक्खू के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहने के दौरान उन्होंने प्रदेश कांग्रेस सचिव समेत कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाली थीं। वर्तमान में वह स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण समिति तथा कृषि एवं ग्रामीण बैंक के निदेशक मंडल के सदस्य हैं।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। सरकारी प्रवक्ता के अनुसार मुख्यमंत्री टुटवी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे। इस अवसर पर उद्योग, संसदीय कार्य एवं श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे से क्षेत्र के लोगों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से बंद पड़े कुछ सरकारी संस्थानों और सुविधाओं को लेकर फिर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोगों को उम्मीद है कि संगड़ाह स्थित विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता एवं सहायक अभियंता कार्यालयों सहित हरिपुरधार के सिविल अस्पताल जैसे मुद्दों पर सरकार सकारात्मक पहल कर सकती है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू अब तक रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेला के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान ही पहुंचे थे। ऐसे में टुटवी का यह दौरा क्षेत्रीय राजनीति और जन अपेक्षाओं दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।