Loading...

कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा का शिमला में शक्ति प्रदर्शन , भ्रष्टाचार और माफियाराज पर जमकर बरसे नेता

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 27 Mar 2025 • 1 Min Read

शिमला

चौड़ा मैदान में जुटे हजारों कार्यकर्ता, कांग्रेस सरकार को बताया झूठ और लूट पर टिकी सत्ता

प्रदेशभर से जुटे कार्यकर्ता, चौड़ा मैदान में सरकार के खिलाफ गरजा जनसैलाब
शिमला के चौड़ा मैदान में भाजपा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस हल्ला बोल में प्रदेशभर से हजारों कार्यकर्ता पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की, जबकि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और अभिनेत्री कंगना रनौत सहित तमाम वरिष्ठ नेता इस प्रदर्शन में मौजूद रहे।

भ्रष्टाचार और कर्ज के बोझ से दब गया प्रदेश: बिंदल
डॉ. बिंदल ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के ढाई वर्षों के कुशासन ने प्रदेश को बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने दो साल चार महीने में ही 32,000 करोड़ का नया कर्ज लिया, जिससे कुल कर्ज 1,03,000 करोड़ पहुंच गया। उन्होंने कहा कि माफिया राज, बेरोजगारी, ठप विकास और महंगाई ने जनता को त्रस्त कर दिया है।

जंगलराज में बदल चुका है हिमाचल: संजय टंडन
संजय टंडन ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज हिमाचल में जंगलराज हावी हो चुका है। महिलाएं असुरक्षित हैं, गैंगवार और चिट्टा माफिया ने युवाओं की ज़िंदगी बर्बाद कर दी है। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार महिला विरोधी साबित हुई है और देवभूमि की बेटियों से किए गए सारे वादे ठग लिए गए हैं।

मित्रमंडली की सरकार, ईमानदार अफसरों को किया गया अलग: जयराम ठाकुर
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार को माफियाराज और भ्रष्टाचार के मकड़जाल में फंसी सरकार बताया। उन्होंने कहा कि सरकार मित्रों की हितैषी बन चुकी है और अब अफसरशाही भी उसी मकड़जाल में उलझ चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार की इसी शैली के कारण ईमानदार अफसर विमल नेगी जैसे लोग आज हमारे बीच नहीं हैं।

कांग्रेस सरकार अब ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं: श्रीकांत शर्मा
भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश को अपराध, माफिया और कर्ज के दलदल में धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि मंडी, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर जैसे जिलों में गैंगवार आम बात हो गई है, और अपराधियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है। जनता के बीच सरकार के खिलाफ आक्रोश साफ दिख रहा है, और अब यह सरकार ज्यादा दिन टिक नहीं पाएगी।

10 हजार कार्यकर्ताओं की भागीदारी, विधानसभा सत्र के बीच सरकार को घेरने की रणनीति
भाजपा का यह प्रदर्शन उस समय हुआ जब राज्य विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। पार्टी ने दावा किया है कि इस धरने में प्रदेशभर से लगभग 10 हजार कार्यकर्ता शामिल हुए। इसका उद्देश्य कांग्रेस सरकार की नाकामियों को जनता के सामने उजागर करना था। धरने से पहले भाजपा के बड़े नेताओं ने स्थल पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया।