Loading...

कांग्रेस सरकार के डेढ़ वर्ष के कार्यकाल को जनता ने नकारा- बिंदल

Ankita 5 Jun 2024 Edited 5 Jun 1 min read

सीएम, डिप्टी सीएम, डिप्टी स्पीकर के विस क्षेत्र से भाजपा की मिली भारी बढ़त

HNN/ नाहन

प्रदेश कांग्रेस सरकार के डेढ़ वर्ष के कार्यकाल को जनता ने नकार दिया है। लोकसभा चुनाव में मुख्यमंत्री अपने विधानसभा सहित 10 मंत्रियों के विधानसभा क्षेत्र से लोकसभा का चुनाव हारे हैं। यह कांग्रेस सरकार का सबसे बड़ा फेलियर है। यह उद्गार नाहन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहे।

डॉ. बिंदल ने कहा कि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह अपना चुनाव तो हारे ही हैं, वह अपने विधानसभा क्षेत्र से भी हारे हैं। पीडब्ल्यूडी मिनिस्टर के विधानसभा से भाजपा को बढ़त मिली है। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री मोदी के प्रति जनता के प्रेम की जीत है। यह जीत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के किए गए लगातार प्रयासों की जीत है।

लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के 68 विधानसभा क्षेत्र में से 61 विधानसभा क्षेत्र में भारी बढ़त बनाई है। सरकार के 10 मंत्रियों, 6 सीपीएस में से पांच सीपीएस तथा दर्जनों ओएसडी के विस क्षेत्र से भी भाजपा बढ़त मिली है। यहां तक की सीएम, डिप्टी सीएम और डिप्टी स्पीकर के विस क्षेत्र से भी भाजपा ने जीत हासिल की है।

डेढ़ वर्ष में भाजपा का ग्राफ 15 प्रतिशत अधिक बढ़ा है। लोकसभा चुनाव में प्रदेश की जनता ने भाजपा को 57 प्रतिशत बहुमत दिया है। एक सवाल के जवाब में डॉक्टर राजीव बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चुनाव परिणाम से ठीक 1 दिन पहले निर्दलीय तीन विधायकों के इस्तीफे विधानसभा अध्यक्ष से मंजूर करवाए। अगर यह इस्तीफे दो माह पहले ही स्वीकार कर लिए जाते, तो 6 माह के भीतर होने वाले उपचुनाव का जो अतिरिक्त 35 करोड़ रुपए खर्च होगा। वह प्रदेश का पैसा बच जाता।

डॉ. राजीव बिंदल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्होंने सत्ता पक्ष में रहते हुए अफसरशाही का दुरुपयोग किया। भाजपा प्रत्याशियों के घरों पर पुलिस का पहरा बैठाया। भाजपा प्रत्याशियों पर एफआईआर दर्ज करवाई, भाजपा प्रत्याशियों के घरों, दफ्तरों तथा उनके रिश्तेदारों और कारोबार पर छापे डलवाए। इसके खिलाफ प्रदेश की जनता ने भाजपा को जनादेश दिया है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि 60 के दशक के बाद से अब जाकर कोई पीएम लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहा है। यह सब नरेंद्र भाई मोदी के प्रयासों से संभव हुआ है। इस अवसर पर उनके साथ नाहन भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर, जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग, पूर्व जिला परिषद सदस्य मनीष चौहान और तपेंद्र सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

Related Topics: