कार्यकर्ताओं के जोश से प्रदेश में बनेगी भाजपा सरकार, कांग्रेस का कार्यकाल व्यवस्थाओं के पतन का दौर: राजीव बिन्दल
नाहन:
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिन्दल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन की असली शक्ति हैं और उनकी मेहनत, जोश व जुनून के बल पर ही आगामी समय में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।
शुक्रवार को नाहन विधानसभा क्षेत्र की विक्रमबाग और देवनी पंचायतों में आयोजित बूथ स्तरीय बैठकों के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरा और वर्तमान सरकार की विफलताओं को जनता तक पहुँचाने का आह्वान किया। इससे पहले जलसा स्थान पर पहुँचने के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व पूर्व विधायक डॉ राजीव का स्थानीय लोगों के द्वारा जोरदार स्वागत किया गया।
राजीव बिन्दल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में पिछले तीन साल का कार्यकाल पूरी तरह से व्यवस्थाओं के पतन का रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय दी गई 10 गारंटियां पूरी तरह झूठी साबित हुई हैं और सरकार जनविरोधी निर्णय ले रही है।
बिन्दल ने जानकारी दी कि नाहन विधानसभा क्षेत्र के सभी 121 बूथों पर चरणबद्ध तरीके से बैठकों का आयोजन कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा रहा है।
स्थानीय मुद्दों पर चर्चा करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज ग्रामीण क्षेत्रों में लोग सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हैं, लेकिन सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के समय में विक्रमबाग और देवनी सहित पूरे नाहन क्षेत्र में जो जनहित के संस्थान खोले गए थे, कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही उन पर ताले जड़ दिए, जिससे समूचे क्षेत्र में विकास कार्य ठप हो गए हैं।