Loading...

कालाअंब-पांवटा साहिब फोरलेन में नया प्रारूप रिजेक्ट, पुरानी सड़क ही होगी चौड़ी

PARUL • 14 Sep 2024 • 1 Min Read

पुराने प्रारूप में कालाअंब से मोगीनंद तक चार किलोमीटर एनएच होगा 32 मीटर चौड़ा

HNN/नाहन

कालाअंब से पांवटा साहिब तक बनाए जाने वाले 48 किलोमीटर फोरलेन में फिर से बड़ा बदलाव हुआ है। लॉयन कंसलटेंसी ने जहां पहले कालाअंब से मोगीनंद तक पुराने एनएच की जगह वाया सुकैती होकर फोरलेन रेखांकित किया गया था, वहीं अब पुराने एनएच को ही फोरलेन बनाने की योजना फाइनल हो गई है।

विभाग के प्राप्त जानकारी के मुताबिक डीजी एनएचएआई की अध्यक्षता में हाल ही में दिल्ली में हुई बैठक में अधिशासी अभियंता नाहन मनोज सहगल सहित कंसलटेंसी के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इस अहम बैठक में एनएचएआई ने जो रिपोर्ट रखी, उसमें बताया गया कि कालाअंब से मोगीनंद तक के चार किलोमीटर के हिस्से में अधिकतर जमीन एनएच की है। इस जमीन पर अधिकतर लोगों के अवैध कब्जे हैं।

लिहाजा, दो-तीन जगह ही ऐसी हैं जहां पर मुआवजा राशि दी जाएगी. बाकि, खर्चा बच जाएगा। बड़ी बात ये है कि जहां कंसलटेंसी ने वाया सुकैती वाला प्रारूप दिया गया था, उसमें एनएच की चौड़ाई 45 मीटर रखी गई थी. लेकिन अब यथावत एनएच में मोगीनंद तक का हिस्सा 32 मीटर ही चौड़ा किया जाएगा. यानी एनएच की चौड़ाई चार किलोमीटर के हिस्से पर कम रहेगी।

एनएच की इस रिपोर्ट के आधार पर स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली है। लोगों का कहना है कि नए प्रारूप में उनके व्यापार पर काफी फर्क पड़ सकता था। इस बावत सांसद को भी अवगत कराया गया था. लोगों का कहना है कि सांसद ने आश्वस्त किया था कि उनको किसी भी तरह नुकसान नहीं होगा। लिहाजा, बैठक के दौरान नए फैसले ने एक बार फिर एनएच को चर्चा में ला दिया है।

बता दें कि लायन कंपनी ने जो नया प्रस्तावित फोरलेन तैयार किया गया था, उसमें सब तहसील कार्यालय कालाअंब से सुकैती होते हुए दो नए पुलों के साथ ये सड़क मोगीनंद में वंडर प्रोडक्ट के साथ पुराने एनएच से जोड़ी जानी थी। इसके बाद भी एनएच पर थोड़े बहुत बदलाव किए गए थे। जिसमें सैनवाला और दोड़का को भी छोड़ा गया। ये सड़क नवोदय स्कूल के पास पुराने एनएच से जोड़ी जानी थी। इसके बाद पुराने एनएच पर ही पांवटा साहिब तक फोरलेन का निर्माण किया जाना प्रस्तावित था।

अब देखना है कि क्या पुराने एनएच में सैनवाला और दोसड़का शामिल हैं या नहीं, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है. संभवतया, माना जा सकता है कि नए प्रस्तावित एनएच पर मोगीनंद से मारकंडा पुल तक 60 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड निर्धारित की  गई थी, अब पुराने प्रारूप के बाद कंसलटेंसी किस तरह स्पीड को पांवटा साहिब 100 किलोमीटर प्रति घंटा के हिसाब से बढ़ाएगी।

उधर, अधिशासी अभियंता एनएच मनोज सहगल ने बताया कि दिल्ली में डीजी के साथ हुई बैठक के बाद पुराने प्रारूप को ही फाइनल किया गया है। पुराने प्रारूप के अनुसार फोरलेन का निर्माण किया जाएगा।