काला आम्ब पंचायत में स्थापित अत्याधुनिक प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट से ग्रामीण क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन मजबूत होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इस यूनिट से प्लास्टिक प्रदूषण की समस्या का वैज्ञानिक समाधान संभव होगा।
नाहन
काला आम्ब में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन के नए युग की शुरुआत
काला आम्ब में ही होगा कचरा प्रबंधन, विधायक ने किया प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का लोकार्पण
डोर-टू-डोर सेवा के साथ प्लास्टिक प्रदूषण की समस्या से भी मिलेगी निजात, स्थानीय स्तर पर रोज़गार सृजित होंगे।
नाहन
नाहन विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिली है। विधायक अजय सोलंकी ने काला आम्ब पंचायत में स्थापित अत्याधुनिक प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का लोकार्पण किया। बड़ी बात तो यह है कि यह इकाई ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस कचरा प्रबंधन को सुदृढ़ करेगी और औद्योगिक तथा आबादी बढ़ने से पैदा हो रहे प्लास्टिक प्रदूषण की समस्या का वैज्ञानिक समाधान प्रदान करेगी।
विधायक सोलंकी का संदेश—स्वच्छ पर्यावरण की ओर बड़ा कदम
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक सोलंकी ने कहा कि काला आम्ब क्षेत्र में यह यूनिट लोगों को स्वच्छ, हरा-भरा पर्यावरण उपलब्ध करवाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने ज़ोर दिया कि अब प्लास्टिक कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन इसी इकाई के माध्यम से संभव होगा। विधायक सोलंकी ने बताया कि सरकार सभी ब्लॉकों और पंचायतों में ऐसी इकाइयाँ स्थापित कर रही है, ताकि प्लास्टिक कचरे के पृथक्करण, प्रसंस्करण और पुन: उपयोग को बढ़ावा मिल सके। यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोज़गार के नए अवसर भी पैदा करेगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
यूनिट की कार्यप्रणाली—छँटाई से बैलिंग तक सभी सुविधाएँ
काला आम्ब पंचायत में स्थापित यह इकाई प्लास्टिक कचरे के संग्रहण, छँटाई, कटिंग और बैलिंग जैसी आवश्यक सुविधाओं से युक्त है। यह इकाई आसपास के गाँवों से आने वाले प्लास्टिक कचरे के प्रभावी प्रबंधन में अहम भूमिका निभाएगी।
डोर-टू-डोर प्लास्टिक कचरा संग्रहण सेवा का शुभारंभ
लोकार्पण के तुरंत बाद, विधायक अजय सोलंकी ने इस प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट द्वारा संचालित डोर-टू-डोर प्लास्टिक कचरा संग्रहण सेवा की गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह सेवा क्षेत्र में स्वच्छता को बढ़ावा देने और प्लास्टिक कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण शुरुआत है।
स्थानीय पंचायत व जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
इस अवसर पर प्रधान ग्राम पंचायत कालाआम्ब रेखा चौधरी ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया और यूनिट के सफल संचालन में सहयोग का आश्वासन दिया। इस मौके पर प्रधान ग्राम पंचायत कालाआम्ब रेखा चौधरी, उप प्रधान दिनेश, राजकुमार पोसवाल सहित सुभाष चौधरी, नवीन चौधरी, निखिल, बलविंदर चौधरी, खलील मोहम्मद, सोमनाथ भाटिया, ऋषि, मनीष जगमाल, रामलाल, माजिद, महिला मंडल एवं स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों और समस्त प्रशासनिक अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

