Loading...

काली स्थान मंदिर नाहन में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

Ankita • 17 Apr 2024 • 1 Min Read

23 अप्रैल को लगेगी माता की चौंकी, 24 को होगा विशाल भंडारा

HNN/ नाहन

चैत्र नवरात्रों के अंतिम नवरात्रे पर काली स्थान मंदिर नाहन में अपार श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। रामनवमी के दिन सुबह 4:00 से ही श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थी। काली स्थान मंदिर सेवा समिति के द्वारा श्रद्धालुओं के लिए हर वर्ष की भांति इस बार भी बेहतर इंतजाम किए गए थे।

समिति के द्वारा भक्तों के लिए जल-पान की व्यवस्था सहित बैठने के लिए कुर्सियां व सोने के लिए कमरे भी व्यवस्था में शामिल किए गए थे। यही नहीं चिलचिलाती धूप में नंगे पांव खड़े श्रद्धालुओं के लिए शामियाना सहित फर्श पर कार्पेट भी बिछाए गए थे। 9 तारीख से शुरू हुए नवरात्रों के प्रतिदिन मंदिर में यज्ञ, हवन, कीर्तन आदि का आयोजन भी चला रहा।

सेवा समिति के महासचिव देवेंद्र अग्रवाल ने बताया कि इस ऐतिहासिक सिद्ध शक्तिपीठ में न केवल स्थानीय बल्कि अन्य राज्यों से भी भारी संख्या में श्रद्धालु माथा टेकने आते हैं। बता दें कि यह सिद्ध शक्तिपीठ नाहन की रानी अपने मायके नेपाल से मां पिंडी स्वरूप में लाई थी।

इसके बाद नाहन के महाराजा द्वारा एक भव्य मंदिर काली स्थान के नाम से बनवाया गया था। मंदिर के प्रबंधन का जिम्मा रियासत काल से ही नाथ संप्रदाय को सौंपा गया है। तब से लेकर अब तक नाथ संप्रदाय से ताल्लुक रखने वाले राजगुरु ही इस मंदिर की देखभाल करते हैं।

देवेंद्र अग्रवाल ने बताया कि 23 तारीख को त्रयोदशी के दिन पंडित रामकृष्ण शर्मा एंड पार्टी के द्वारा विशाल चौंकी का आयोजन किया जाएगा। जबकि 24 अप्रैल को अटूट भंडारे का भी आयोजन रखा गया है।