Loading...
Uncategorized

चंबा में 15 और 16 मई को आयोजित होगी मॉक ड्रिल, आपदा से निपटने की तैयारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 14 May 2025 • 1 Min Read

चंबा

चंबा में प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए मॉक ड्रिल की पूर्व तैयारी बैठक आयोजित

चंबा जिला मुख्यालय में प्राकृतिक आपदा के दौरान राहत और बचाव कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से एक मॉक ड्रिल पूर्व-योजना बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष मुकेश रेपसवाल ने की।

मॉक ड्रिल का आयोजन 15 और 16 मई को
बैठक में निर्णय लिया गया कि चमेरा पावर स्टेशन-1 (डैम साईट और पावर हाउस) और चमेरा पावर स्टेशन-2 (रजेरा पावर हाउस और डैम साईट बग्गा) में 15 मई को मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। वहीं, 16 मई को चमेरा पावर स्टेशन-3 (धरवाला पावर हाउस और खड़ामुख डैम साईट) में मॉक ड्रिल की जाएगी।

प्राकृतिक आपदा के दौरान सुरक्षा और बचाव कार्य
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य संबंधित क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश और बादल फटने जैसी आपदाओं के दौरान जल स्तर में वृद्धि से उत्पन्न होने वाले खतरों को समझना और उनके लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया तैयार करना है।

समन्वय और संचार पर विशेष जोर
मॉक ड्रिल के दौरान एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करने, संचार व्यवस्था की जांच करने और संसाधनों के उपयोग में होने वाले समय के अंतराल को पहचानने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां निर्धारित
बैठक में अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित कार्यों के बारे में दिशा-निर्देश दिए गए। इसमें निकासी योजना, राहत और बचाव उपकरण, मीडिया प्रबंधन, ऑन-साइट चिकित्सा प्रतिक्रिया योजना और सुरक्षा मानक संचालन प्रक्रिया के बारे में विस्तृत चर्चा की गई।

प्रमुख अधिकारी उपस्थित
बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मेहरा, उपमंडलाधिकारी प्रियांशु खाती, जिला राजस्व अधिकारी विक्रमजीत सिंह, जल शक्ति विभाग के जितेंद्र शर्मा, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राम प्रकाश, चमेरा पावर स्टेशन-3 के उप महा प्रबंधक पी के त्रिवेदी, पावर स्टेशन-1 के प्रबंधक एलएस बिष्ट और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Topics: