चरस और अफीम सहित पुलिस के हत्थे चढ़ा व्यक्ति
HNN/ शिमला
जिला में चरस और अफीम सहित एक व्यक्ति ठियोग पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। जानकारी अनुसार, ठियोग पुलिस संधू के पास जब पेट्रोलिंग कर रही थी तो एक व्यक्ति की गतिविधियों पर पुलिस को संदेह हुआ। इस दौरान जब पुलिस ने व्यक्ति को पकड़कर उसकी तलाशी ली तो आरोपी के कब्जे से चरस और अफीम बरामद हुई। जब पुलिस द्वारा इसे तोला गया तो 88 ग्राम चरस और 20 ग्राम अफीम पाई गई।
उधर, डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने चरस और अफीम सहित एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि मामले में पुलिस द्वारा अजीत सिंह (62) निवासी कथोग, तहसील ठियोग, जिला शिमला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि नशा तस्करों पर पुलिस की कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।