20 वर्षों से काम कर रहे वर्करों को विभागीय कर्मचारी बनाने की उठाई मांग
HNN/ बिलासपुर
सीटू से सबंधित मिड डे मील यूनियन ने अपनी मांगों के बारे में आज धर्मपुर में विधायक चन्द्रशेखर को ज्ञापन सौंपा। जिसका नेतृत्व सीटू के ज़िला अध्यक्ष व राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड के सदस्य भूपेंद्र सिंह यूनियन के खंड अध्यक्ष चिंत राम, राणो देवी, रजनी देवी, सत्या देवी और सलिता देवी ने किया।
माँगपत्र में 25 बच्चों से कम संख्या होने पर की जा रही छंटनी को रोकने तथा बन्द हो रहे स्कूलों में कार्यरत वर्करों को विभाग में ही एड्जस्ट करने की मांग की गई। भूपेंद्र सिंह ने कहा कि बहुत से मज़दूर जो 15-20 वर्षों से स्कूलों में खाना बनाने का काम कर रहे हैं अब उन्हें हटाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्कूल में न्यूनतम दो वर्कर होने चाहिए जिनमें एक कुक तथा दूसरा हैल्पर होना चाहिए। जब ये योजना शुरू हुई थी तो यही नियम था लेकिन अब 25 बच्चों की शर्त लगा दी गई है और इससे कम बच्चे होने पर उनकी छंटनी की जा रही है और स्कूल बंद होने पर इन्हें घर भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार इनको साल के 12 महीनों के बजाए 10 माह का ही वेतन देती है। इसी प्रकार इनको किसी भी तरह की छुटियाँ नहीं देती है और अगर किसी को कोई इमरजेंसी भी हो जाये तब भी उसे अपने बदले में किसी दूसरे को भेजना पड़ता है। कई स्कूलों में तो इनसे अतिरिक्त काम भी करवाये जाते हैं और न करने पर धमकाया भी जाता है।
सीटू की मांग है कि इन्हें सरकारी कर्मचारी बनाने के लिए योजना बनाई जाये। इसके अलावा इन वर्करों को हिमाचल सरकार की न्यूनतम 375 रुपए दी जाए,राशन लाने के लिए इन्हें यात्रा खर्च दिया जाये। रिटायरमेंट की उम्र 65 वर्ष की जाये।
विधायक चंद्रशेखर ने मिड डे मील वर्करों की मांगों से मुख्यमंत्री को अवगत कराने का और उनके लिए नीति बनवाने का आश्वाशन दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सरकार मज़दूरों और मेहनतकश जनता के पक्ष में काम करेगी और मिड डे मील वर्करों के रोज़गार की रक्षा करेगी।
खंड कमेटी का भी किया गठन
विधायक को माँगपत्र सौंपने से पहले मिड डे मील मज़दूरों ने बस स्टैंड परिसर में यूनियन का खंड सम्मेलन भी आयोजित किया और नई खंड कमेटी का चुनाव किया, जिसमें चिंत राम शर्मा मंडप को पुनः ब्लाक प्रधान, राणो देवी संधोल को महासचिव और सन्तोष कुमारी लौंगनी को कोषाध्यक्ष तथा रजनी देवी सजाओ, सलिता देवी धर्मपुर और सत्या देवी मंडप को उपप्रधान तथा रजनी सोहर, सुषमा घरवासड्डा, निर्मला लँगेहह,निशा देवी कोठुहुवाँ को सह सचिव चुना गया।
इसके अलावा जमना, शोमा,अति, माया, अंजू, दुर्गा सावित्री और कुशमा को कार्यकरणी सदस्य चुना गया। सीटू ज़िला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि यूनियन का राज्य स्तरीय प्रतिनिधिमंडल जल्दी ही शिमला में शिक्षामंत्री और मुख्यमंत्री से मिलेगा और छंटनी को रोकने और मिड डे मील को रैगुलर करने के लिए नीति बनाने की मांग करेगा।

