Loading...

जनता की मेहनत की कमाई घुसपैठियों में बांटना चाहती कांग्रेस- अनुराग ठाकुर

Ankita 28 Apr 2024 Edited 28 Apr 1 min read

HNN/ हमीरपुर

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामले के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस वोट बैंक व तुष्टिकरण की, जबकि भाजपा समान रूप से विकास की नीति पर कार्य करती है। कांग्रेस आएगी तो वसूली और विरासत टैक्स लगाएगी, भाजपा आएगी तो भारत को विकसित राष्ट्र बनाएगी।

अनुराग ठाकुर ने आज सर्वप्रथम भोरंज विधानसभा में जनसभा को संबोधित किया और इसके पश्चात हमीरपुर विधानसभा में पन्ना प्रमुख सम्मेलन, आईटी सोशल मीडिया कार्यशाला, वरिष्ठ नागरिक विशेष संपर्क अभियान और व्यापारी संपर्क अभियान में भाग लिया।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस द्वारा की जा रही वोट बैंक पॉलिटिक्स के सख्त खिलाफ है। कांग्रेस वोट बैंक व तुष्टिकरण की राजनीति करती है जबकि भाजपा एक समान रूप से विकास की नीति में भरोसा करती है। हम अपिजमेंट पॉलिटिक्स में नहीं बल्कि सबका साथ और सबका विकास में विश्वास रखते हैं।

पिछले 10 वर्षों में अगर 25 करोड़ भारतीय गरीबी रेखा से बाहर आए हैं तो उसमें हिंदू भी हैं और मुसलमान भी हैं। अगर 4 करोड़ पक्के आवास, 13 करोड़ नल से जल, 12 करोड़ शौचालय, 11 करोड़ रसोई गैस सिलेंडर, 60 करोड लोगों को मुफ्त इलाज और 81 करोड लोगों को मुफ्त अनाज मिला है तो उसमें कोई भेदभाव नहीं हुआ है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि हमें विकसित भारत के निर्माण हेतु मोदी के हाथों को सशक्त करना है। देश आगे बढ़े इसीलिए हिमाचल प्रदेश की चारों लोकसभा सीटें भारतीय जनता पार्टी को जिताएं और पूरे देश में भाजपा को 370 पार और एनडीए को 400 पार सीटें दिलवाइए।

अनुराग ठाकुर ने अपने संसदीय क्षेत्र के विकास के बारे में बोलते हुए कहा, “मोदी के आशीर्वाद से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में 360 डिग्री विकास हुआ है। आज क्षेत्र में 300 बेड का मेडिकल कॉलेज अस्पताल लगभग 400 करोड़ रुपए की लागत से बनकर तैयार हो चुका है। यहां कक्षाएं 3- 4 साल पहले से ही चालू हैं।

किसने सोचा था कि एक ही संसदीय क्षेत्र में एम्स भी होगा, पीजीआई भी होगा, दो दो मेडिकल कॉलेज होंगे, केंद्रीय विद्यालय भी होंगे, केंद्रीय विश्वविद्यालय भी होगा, ट्रिपल आईटी भी होगा, एनआईटी भी होगा, हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज भी होगा, हर जिले में फोरलेन हाईवे होगा और वंदे भारत ट्रेन भी होगी।

लेकिन यह सब भारतीय जनता पार्टी ने संभव कर दिखाया है। अब हमारे बच्चों को पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। वह अपने घर पर रहकर डॉक्टर, इंजीनियर और वह सब कुछ बन सकते हैं जिसके वह हकदार हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज हमने हर तरफ से हिमाचल को कनेक्टिविटी के मामले में बेहतरीन बनाया है। आज धर्मशाला, पठानकोट और जम्मू के लिए फोरलेन हाईवे पूरी तेज़ी के साथ बन रहा है।

अभी यहां से पठानकोट जाने में लगभग 4.5 घंटे लगते हैं। इस हाइवे के बन जाने से आप मात्र 2 घंटे में पठानकोट पहुंच जाएंगे। आज हमीरपुर मंडी धरमपुर की सड़क पर 1200 करोड रुपए की लागत से बन रही है। आज किरतपुर-नेरचौक फोर लेन रोड बनकर तैयार हो चुका है। मटौर-हमीरपुर-बिलासपुर शिमला फ़ोर लेन, नेरचौक फ़ोरलेन बनवा कर तैयार करवाया जा चुका है।

आज कई जगह बस के किराए 40 रुपए सस्ते हो चुके हैं। जल्द ट्रेन के आ जाने से समय और किराए दोनो में और कमी आएगी। आज जनता के आशीर्वाद से मैंने ऊना से हरिद्वार, खाटू श्याम, कोलकाता, नांदेड साहब, वृंदावन, मथुरा, ओंकारेश्वर, ग्वालियर, आगरा, इंदौर और महाकाल लोक तक ट्रेन चलवा दी है।