जिप सदस्य सतीश ठाकुर ने छोगटाली स्कूल के पुस्तकालय के लिए दान दी 21 कुर्सियां
HNN/नाहन
जिला सिरमौर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छोगटाली की विद्यालय प्रबंधन समिति एवं समस्त शिक्षकों ने अपने आर्थिक सहयोग से पिछले सत्र में ही एक सुंदर पुस्तकालय भवन का निर्माण करवाया। साथ ही विभिन्न आयु वर्ग के विद्यार्थियों को रुचि तथा उपयोग की उचित मात्रा में पुस्तको की व्यवस्था करनी प्रारंभ कर दी थी। फिर भी औपचारिक रूप से इस सत्र से पुस्तकालय को प्रारंभ करने के लिए बैठने की उचित व्यवस्था की कुछ कमी थी।

जिसे पूर्ण करने के लिए शिलांजी वार्ड के जिला परिषद सदस्य तथा राजगढ़ के क्षेत्र के प्रसिद्ध समाज सेवक सतीश ठाकुर आगे आए। उन्होंने 20 हजार रूपए की लागत की उत्कृष्ट गुणवत्ता वाली 21 कुर्सियां विद्यालय के पुस्तकालय को दान दी। ताकि विद्यालय प्रबंधन इस सत्र से औपचारिक रूप से विद्यालय के पुस्तकालय को विद्यार्थियों के लिए प्रारंभ कर सके।
विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य सुरेंद्र पुंडीर तथा पुस्तकालय प्रभारी रामलाल ठाकुर ने बताया की सतीश ठाकुर ने देश के प्रसिद्ध शिक्षा संस्थान विश्व कॉटन स्कूल शिमला तथा सेंट स्टीफन कॉलेज दिल्ली जैसे संस्थान से शिक्षा प्राप्त की है। वह शिक्षा के लिए पुस्तकालय के महत्व को भली भांति समझते हैं। वही ग्राम पंचायत प्रधान अंजना ठाकुर तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष देशराज ठाकुर ने सतीश ठाकुर का इस अनूठी पहल के लिए आभार व्यक्त किया।
साथ ही आशा व्यक्त की कि ठाकुर को इस पहल से समाज के साधन संपन्न अन्य लोग भी विद्यालय जैसे संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं को सृजन करने में सहयोग के लिए प्रेरित होंगे। जिसका लाभ समाज के सभी वर्गों के खास तौर से ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब तबकों के परिवारों के विद्यार्थियों को मिल पाएगा।
विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता भूपेंद्र चौहान, रामानंद सागर, राजूराम शर्मा, सुरेश ठाकुर, एकता धीमान, अलका भलैइक, रामलाल सूर्या, ललिता कुमारी, दलीप शर्मा, मीरा वर्मा तथा राजेंद्र चौहान आदि ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति ने गुणात्मक शिक्षा का जो उद्देश्य आगामी सत्र के लिए निर्धारित किया है। निश्चित रूप से उसे प्राप्त करने में यह पुस्तकालय अपनी अहम भूमिका अदा करेगा। विद्यार्थियों को भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रारंभ से ही तैयारी करने के लिए प्रेरणा मिलेगी।