Loading...

जिला सिरमौर में भारी बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त

PARUL • 2 Sep 2024 • 1 Min Read

HNN/नाहन

जिला सिरमौर में रविवार रात से सोमवार सुबह तक कई घंटे की भारी बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त रहा। जिले की कई सड़कों पर भारी मलबा आ गिरा है, जिससे वाहन चालकों सहित यात्रियों को भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है।

सोमवार सुबह 69 सड़कें और 323 डीटीआर बंद थे, लेकिन शाम तक सभी सड़कों को वाहनों के लिए और डीटीआर को बहाल कर दिया गया। जिला सिरमौर में रात से ही भारी बारिश का सिलसिला दिन भर रुक रुक जारी रहा, जिससे नदी-नालों का जलस्तर काफी बढ़ गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से नदी नालों से दूर रहने की अपील जारी की है।

रविवार रात को जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल को चंडीगढ़ से जोड़ने वाली लवासा चौकी-ढंगयार सड़क पर चीड़ का बड़ा पेड़ और भारी मलबा आने से कई घंटे वाहनों की आवाजाही ठप रही। लवासा चौकी से तकरीबन एक किलोमीटर दूरी पर सड़क के बीचोंबीच एक पेड़ आ गिरा, जिससे सड़क के दोनों ओर दर्जनों वाहन फंस गए। इसकी सूचना लोगों ने लोक निर्माण विभाग गागल शिकोर को दी, जिसके बाद विभाग ने जेसीबी मशीन भेजकर सुबह करीब 10:30 के आसपास सड़क को आवाजाही के लिए बहाल किया।

इस दौरान वाहन चालकों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालकों ने अपने वाहनों को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और दूसरे मार्ग से अपने गंतव्य स्थान की ओर चले गए। जिला प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और नदी नालों से दूर रहने की अपील की है।