झूठी गारंटियों और बढ़ते कर्ज ने हिमाचल को ‘नो रिटर्न’ की स्थिति में पहुंचाया : डॉ. बिंदल
Himachalnow / शिमला
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में भाजपा प्रदेश कार्यालय चक्कर (शिमला) में महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया गया। बैठक के बाद डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर झूठी गारंटियों, बढ़ते कर्ज और महंगाई को लेकर गंभीर आरोप लगाए।
शिमला
भाजपा की बैठकों में विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा पेश किया जाने वाला चौथा बजट जनता के साथ एक और बड़ा धोखा होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में कांग्रेस ने झूठी गारंटियों के जरिए 65 लाख मतदाताओं के साथ विश्वासघात किया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि 28 लाख महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने का वादा आज तक पूरा नहीं हुआ। अब 1500 की जगह 100 रुपये देने की बात हो रही है, जो सरकार की नीयत को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को 5 लाख रोजगार और 1 लाख सरकारी नौकरी देने का वादा भी पूरा नहीं हुआ।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने करीब 45 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लेकर प्रदेश की आर्थिक स्थिति को संकट में डाल दिया है। इसके बावजूद विकास कार्य ठप पड़े हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बंद किए जा रहे हैं। भर्तियां रुकी हुई हैं और सड़कों व पेयजल योजनाओं पर काम नहीं हो रहा।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि बिजली, पानी, एचआरटीसी किराया, स्टांप ड्यूटी, सीमेंट, पेट्रोल-डीजल और राशन के दामों में वृद्धि कर जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी, अधिकारी और सेवानिवृत्त वर्ग अपने हकों के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। स्कूलों में शिक्षकों की कमी है और विद्यार्थियों को मूल सुविधाएं नहीं मिल पा रहीं।
अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार का “व्यवस्था परिवर्तन” अब “व्यवस्था पतन” में बदल गया है और प्रदेश को गंभीर स्थिति में पहुंचा दिया है।