झूठी गारंटियों वाली सुक्खू सरकार का जनता 20 साल तक नहीं देखेगी चेहराः त्रिलोक कपूर
कपूर बोले पीएम मोदी के निर्देश पर भाजपा आपदा पीड़ितों के नुकसान की रिपोर्ट भेजेगी केंद्र को, राहत की गारंटी
हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन
प्रदेश भाजपा संगठन मंत्री त्रिलोक कपूर ने अपने सिरमौर के सांगठनिक दौरे के दौरान नाहन में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश की वर्तमान सुक्खू सरकार पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कांग्रेस सरकार के पिछले ढाई साल के कार्यकाल को राज्य के इतिहास का सबसे निराशाजनक और बड़ी त्रासदी बताया। इस दौरान उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर भाजपा आपदा पीड़ितों के नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजेगी, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
त्रिलोक कपूर ने कड़े शब्दों में कहा कि कांग्रेस की सुक्खू सरकार, जो झूठे वादों के सहारे सत्ता में आई है, जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह खरी नहीं उतरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने विकास कार्य तो किए नहीं, बल्कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में जनता की मांग पर खोले गए संस्थानों को भी बंद करके प्रदेश को बर्बादी की ओर धकेल दिया है।
कपूर ने दावा किया कि अब प्रदेश की जनता को अपनी इस गलती का एहसास हो गया है, जिसके चलते आगामी 20 सालों तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बनेगी।कपूर ने सरकार के “दोगले चरित्र” का जिक्र करते हुए बागवानों के साथ हुई त्रासदी को एक उदाहरण के तौर पर पेश किया।

उन्होंने कहा कि जहां एक तरफ प्रदेश के बागवान अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहे हैं, वहीं कांग्रेस सरकार द्वारा उच्च न्यायालय में उनकी ठीक से पैरवी न करने के कारण वे सरकार को जमकर कोस रहे हैं।
पालमपुर यूनिवर्सिटी के मुद्दे पर चिंता जताते हुए त्रिलोक कपूर ने कहा कि सुक्खू सरकार इसे नष्ट करने की योजना बना रही है। उन्होंने हैरानी जताई कि उच्च न्यायालय से मिले स्थगन आदेश के बावजूद कांग्रेस सरकार अब इस मामले को लेकर सर्वोच्च न्यायालय जाने की तैयारी कर रही है।
कपूर ने सवाल किया कि यदि सरकार किसी निजी लाभ के लिए सर्वोच्च न्यायालय जा सकती है, तो बागवानों के मुद्दे पर चुप्पी क्यों साध ली गई है?नगर निकायों और पंचायती राज चुनावों के संबंध में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में त्रिलोक कपूर ने स्पष्ट रूप से कहा कि भाजपा संगठन इन चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने अब यह मन बना लिया है कि “एक बार की गलती को दोबारा नहीं दोहराएंगे।
इस प्रेस वार्ता में शिमला संसदीय क्षेत्र के संगठनात्मक प्रभारी एवं विधायक सुखराम चौधरी, विधायक रीना कश्यप, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक बलदेव तोमर, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता पंकज जमवाल, जिला भाजपा अध्यक्ष धीरज गुप्ता, नाहन भाजपा मंडल मीडिया प्रभारी धीरज गर्ग, संजय गोयल, भाजपा नेता संजू और बंटू सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित थे।