HNN / ऊना
सर्द मौसम की मार से ना केवल बच्चे और बुजुर्ग परेशान हैं, बल्कि पशुपालकों की परेशानी भी अब निरंतर बढ़ती जा रही है। जिले में सर्द मौसम की मार से पशु लगातार बीमार हो रहे हैं। जिला ऊना में इन दिनों न्यूनतम तापमान 0 डिग्री के पास चला गया है। ऐसे में पशुपालकों को अपने पशुओं को सर्दी से बचाकर रखने में काफी परेशानियां आ रही है।
पशुपालको का कहना है कि बारिश न होने से सूखी सर्दी की मार पड़ रही है। इससे आमजन के साथ पशु भी बीमार हो रहे हैं। जो पशु बूढ़े हो चुके हैं उन्हें ज्यादा मुसीबत झेलनी पड़ रही है। बीते सालों में दिसंबर के दौरान बारिश होती थी। लेकिन इस बार मौसम की मार सभी पर पड़ रही है, चाहे वह मनुष्य हो, पशु हो या नगदी फसले।
उधर, सहायक निदेशक पशुपालन विभाग राजीव वालिया ने बताया कि जिलावासी अपने पशुओ को सर्दी से बचाने के लिए उन्हें गुड़ का कोसा पानी दें। पशुओं को प्रतिदिन दिए जाने वाले पानी को गुनगुना कर उन्हें दें। पशुओं को कंबल ओढ़कर रखें और खानपान में फीड का सेवन बढ़ाएं।

