HNN/ नाहन
हिमाचल प्रदेश स्टाफ सलेक्शन कमीशन को सस्पेंड करने के फैसले से हजारों युवाओं के चेहरे पर खुशी छा गई है। यह खुशी प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के फैसले से आई है। जिला सिरमौर कांग्रेस के चुनाव प्रचार समिति अध्यक्ष बृजराज ठाकुर ने बताया कि पहले भी इस तरह के पेपर लीक होते थे लेकिन कमीशन कभी सस्पेंड हुआ ही नहीं गाज सिर्फ गिरती तो कुछ पर ही। लेकिन पहली बार सस्पेंड होने से एक मैसेज साफ हो गया कि ऐसे गलत काम को अंजाम देंगे तो गाज सभी पर गिरेगी।
मुख्यमंत्री ने यह कदम लेकर प्रदेश के युवाओं की उम्मीदों को फिर से जिंदा कर दिया जो सिस्टम को कोसते थे। मुख्यमंत्री का यह कदम काबिले तारीफ ही नहीं बल्कि सबक सिखाने वाला है, जो सरकारी सिस्टम को इस तरह खोखला कर रहे है, उन्हें प्रदेश की सरकार ने अपना एटीट्यूड और विजन दिखा दिया है। उन्होंने कहा कि अभी तो कैबिनेट बनी भी नहीं है और इससे पहले ही इस तरह के बोल्ड फैसले से सरकार ने अपनी मंशा साफ दिखा दी है। प्रदेश के हित में यह बेहतरीन दिशा देने वाला फैसला है।
जिस युवा ने पेपर लीक मामले में विजीलेंस में शिकायत की उस अभिलाष को यही उम्मीद थी कि प्रशासन और सरकार इसका भंडाफोड़ करेगी और इसी उम्मीद को मुख्यमंत्री के फैसलों ने साबित कर दिया। अभिलाष का कदम बेकार नहीं जाएगा बल्कि इतिहास लिखेगा। उन्होंने कहा कि हजारों पद अभी भरे जाने है। पारदर्शिता और निष्पक्षता के हित में जो भी कदम उठाए जा रहे है उनकी तारीफ हो रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के फैसले से युवा वर्ग बहुत खुश है और इसी उम्मीद में है कि भविष्य में भर्तियां जल्द और निष्पक्ष तरीके से होती रहेंगी।

