Loading...

डेंगू, स्क्रब टायफस के बाद अब वायरल की चपेट में सिरमौर

PARUL • 12 Oct 2023 • 1 Min Read

शरीर में दर्द और खुजली के हैं लक्षण, यह रखनी होगी सावधानियां….

HNN/नाहन

जिला सिरमौर में जहां डेंगू और स्क्रब टायफस ने लोगों को परेशान कर रखा था। वहीं अब शरीर को तोड़ने वाले वायरल ने बुरी तरह पांव पसार लिए हैं। तेजी से फैल रहे वायरल फीवर के मामलों में प्रतिदिन नाहन मेडिकल कॉलेज में 40 से 50 पेशेंट आ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज के मेडिकल ऑफिसर डॉ. नवीन गुप्ता का कहना है कि इस तरह की वायरल का कोई टेस्ट नहीं होता है बल्कि इसमें बुखार का उपचार किया जाता है।

उन्होंने बताया कि यह वायरल फीवर एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में बड़ी तेजी से फैलता है। उन्होंने बताया कि वायरल कई तरह के हो सकते हैं। मगर जो सिरमौर में वायरल फैल रहा है, उसमें शरीर के सभी अंगों में दर्द, बेचैनी और तेज बुखार के लक्षण नजर आ रहे हैं। डॉ. नवीन का कहना है कि यह बुखार कम से कम 6 से 7 दिन तक रहता है। इस वायरल फीवर में खुजली वह शरीर पर दाने आदि के लक्षण भी देखने को मिल रहे हैं।

क्या बरतें सावधानियां…..
डॉ.नवीन का कहना है कि जिस व्यक्ति को वायरल हो जाता है उस परिवार के सदस्य उससे दूरी बनाए रखें। ऐसे मरीज के तोलिया, वस्त्र, बिस्तर आदि बिल्कुल भी शेयर ना करें। उन्होंने बताया कि इस वायरल फीवर का खून की जांच से कोई लेना-देना नहीं है।

6-7 दिन के बाद डॉक्टर के द्वारा लिखी गई दवाई खाने के साथ ही इस तकलीफ से राहत मिल सकती है। वहीं पता चला है कि जिला सिरमौर के अन्य अस्पतालों व डिस्पेंसरियों में भी वायरल फीवर के प्रतिदिन दर्जनों मामले आ रहे हैं। इस वायरस को बदलते मौसम का प्रकोप भी माना जा रहा है।