डॉ. सुभाष कुमार को सर्वश्रेष्ठ पीएचडी थीसिस अवार्ड से सम्मानित किया गया
HNN/चम्बा
डॉ. सुभाष कुमार,
चम्बा जिले के चुराह के लग्घा गांव के निवासी, को सर्वश्रेष्ठ पीएचडी थीसिस अवार्ड से सम्मानित किया गया है। उन्होंने विज्ञान और समाज के लिए अपने उत्कृष्ट शोध क्षेत्र में बेहतरीन योगदान दिया है। उन्होंने इस क्षेत्र में अब तक 18 से अधिक रिसर्च आर्टिकल प्रस्तुत किए हैं, जो इंटरनैशनल साइंटिफिक जर्नल में प्रकाशित हुए हैं।
डॉ. सुभाष कुमार वर्तमान में खाद्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग में कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्नी डॉ. दुबे जैव प्रौद्योगिकी विभाग, युंगनाम विश्वविद्यालय, दक्षिण कोरिया में पोस्ट डॉक्टरल रिसर्चर के रूप में कार्यरत हैं। दोनों ने अपनी पीएचडी की पढ़ाई सीएसआईआर-आईएचबीटी पालमपुर में पूरी की और उन्हें आईसीएमआर- जेआरएफ नई दिल्ली और डॉ. दुबे को सीएसआईआर यूजीसी-जेआरएफ नई दिल्ली से पीएचडी के रिसर्च के लिए फैलोशिप मिल चुकी है।
डॉ. सुभाष कुमार ने कहा कि उन्हें इस पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर बहुत खुशी हुई है। उन्होंने अपने परिवार और पीएचडी पर्यवेक्षक डॉ. धर्म सिंह, प्रधान वैज्ञानिक सीएसआईआर-आईएचबीटी और वर्तमान पर्यवेक्षक डॉ. एमएच किम, प्रोफैसर, दक्षिण कोरिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि वह आगे भी राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर समाज व विज्ञान के क्षेत्र में अपने शोध जारी रखेंगे।