ढाबे में शराब पीने से किया मना तो संचालक पर कर दिया जानलेवा हमला
HNN / मंडी
जिला मंडी के सराज विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों नशेड़ियों ने आतंक मचाया हुआ है। यहां शाम होते ही नशेड़ी सड़कों पर हुड़दंग मचाते नजर आ रहे हैं। जिसके चलते शाम के समय लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। बीते कल शुक्रवार को नशेड़ियों ने एक ढाबा संचालक को पीट डाला। दरअसल, कुछ लोग रात 9:00 बजे के करीब ढाबे में खाना खाने पहुंचे।
ढाबा संचालक ने उन्हें खाना दिया। थोड़ी देर बाद उन लोगों ने संचालक से शराब पीने के लिए गिलास मांगे। लेकिन ढाबा संचालक ने उन्हें गिलास देने से मना कर दिया और उन्हें ढाबे में शराब न पीने की हिदायत दी। इतना सुनते ही आरोपियों ने पहले ढाबा संचालक से गाली-गलौज की और उसके बाद ढाबे में तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी।
उन्होंने ढाबे में काम करने वाले दो अन्य व्यक्तियों पर टेबल पर रखे स्टील के जग और गिलास मारे और ढाबा संचालक को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। उधर, थाना जंजैहली के एसएचओ रूप सिंह ठाकुर ने कहा कि पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।