दर्जनों पंचायतों का संपर्क जिला मुख्यालय से कटा, 3 से 4 फीट ताजा बर्फबारी
HNN/ चंबा
हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में देर रात से ही रुक-रुक कर बर्फबारी का क्रम जारी रहा जिससे समूचा जिला शीतलहर की चपेट में आ गया है। भारी बर्फबारी के कारण एक बार फिर जिला में जनजीवन प्रभावित हुआ है। चंबा जिले के ट्राईबल क्षेत्र भरमौर में बर्फबारी से कई पंचायतों का संपर्क शेष विश्व व जिला मुख्यालय से कट गया है।
भरमौर के कुगति पंचायत, उरना’ क्वांरसी नयाग्रां सहित दर्जनों पंचायतों का संपर्क बर्फबारी के चलते जिला मुख्यालय से कटा हुआ है। बर्फबारी के कारण एचआरटीसी ने भरमौर, होली सहित दर्जनों मार्गों पर अपने बस सेवा को बंद कर दिया है। उधर, भरमौर की ऊंची चोटियों वाले क्षेत्र मणिमहेश, डल झील, कुगती दर्रा, जालसू जोत सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों पर 3 से 4 फीट ताजा बर्फबारी होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
