Loading...

दविंदर कुमार भुट्टो खुद 14 माह के रहे एक्सिडेंटल विधायक, सीएम सुखबिंदर सुक्खू नहीं, जिस जनता ने दिया कुटलैहड़ का नेतृत्व,उसी देव तुल्य जनता को दिया धोखा:विवेक मिंका

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 16 Mar 2026, 6:36 PM | Updated: 16 Mar 2026, 6:36 PM 1 min read

Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल

कुटलैहड़ क्षेत्र में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं विवेक मिंका और दिनेश खत्री ने पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कई सवाल उठाए।

संयुक्त बयान में किया पलटवार

कुटलैहड़ विधानसभा से कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्य सरकार में आरटीए सदस्य विवेक मिंका तथा प्रदेश सरकार में व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य दिनेश खत्री ने संयुक्त बयान जारी कर कुटलैहड़ के पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो पर तीखा पलटवार किया है। दोनों नेताओं ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनावों में जिस कांग्रेस पार्टी के टिकट पर दविंदर कुमार भुट्टो जीतकर विधानसभा पहुंचे थे, उसी पार्टी और सरकार को उन्होंने बाद में धोखा दिया। उन्होंने कहा कि भुट्टो को दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले अपने राजनीतिक आचरण और निर्णयों पर आत्म मंथन करना चाहिए। जारी बयान में विवेक मिंका और दिनेश खत्री ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को एक्सिडेंटल मुख्यमंत्री बताने वाले दविंदर भुट्टो यह भूल रहे हैं कि वास्तव में वे स्वयं 14 माह के एक्सिडेंटल विधायक बनकर रह गए थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू प्रदेश की जनता के जनादेश से मुख्यमंत्री बने हैं, जबकि दविंदर भुट्टो को कुटलैहड़ की जनता ने नेतृत्व करने का अवसर दिया था, लेकिन उन्होंने जनता के भरोसे को ही तोड़ दिया। दोनों कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कुटलैहड़ की जनता ने दविंदर कुमार भुट्टो को इसलिए विधायक चुना था ताकि वह क्षेत्र के विकास और जनता के हितों के लिए कार्य करें, लेकिन अपने 14 माह के कार्यकाल में उन्होंने क्षेत्र के लिए क्या ठोस काम किया, यह बताने की जरूरत नहीं है। कुटलैहड़ की जनता सब कुछ जानती है और पिछले कुछ वर्षों में हुए घटनाक्रम को भी भली भांति समझती है।

विकास कार्यों का किया उल्लेख

उन्होंने कहा कि वर्तमान विधायक विवेक शर्मा लगातार क्षेत्र के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं,और करोड़ों रुपये की सौगातें कुटलैहड़ को दिलाकर विकास की नई गाथा लिख रहे हैं। कुटलैहड़ क्षेत्र में विकास कार्यों की गति तेज हुई है और जनता को इसका प्रत्यक्ष लाभ भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ की जनता स्वयं देख रही है कि उनके विधायक विवेक शर्मा कुटलैहड़ क्षेत्र के लिए कितनी गंभीरता से काम कर रहे हैं। विवेक मिंका और दिनेश खत्री ने यह भी सवाल उठाया कि जब दविंदर कुमार भुट्टो कांग्रेस पार्टी के विधायक थे, तब उनके मन में भाजपा के प्रति क्या विचार थे। उन्होंने कहा कि उस समय दविंदर भुट्टो भाजपा की नीतियों और नेताओं की आलोचना करते थे, लेकिन आज भाजपा में शामिल होकर उसी पार्टी का गुणगान कर रहे हैं। इससे स्पष्ट होता है कि उनकी राजनीति सिद्धांतों के बजाय अवसरवाद पर आधारित है। उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया के दौर में जनता सब कुछ देख और समझ रही है। ओर दविंदर भुट्टो का पिछले तीन वर्षों का पूरा लेखा-जोखा जनता के सामने है और लोग यह भी देख रहे हैं कि कौन नेता जनता के हित में काम कर रहा है और कौन केवल राजनीतिक बयान बाजी कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनता को गुमराह करने का प्रयास अब सफल नहीं होने वाला। दोनों नेताओं ने कहा कि दविंदर कुमार भुट्टो अपनी राजनीति चमकाने के लिए कभी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तो कभी विधायक विवेक शर्मा पर झूठी टिप्पणियां करते रहते हैं, लेकिन कुटलैहड़ की जनता अब उनकी राजनीति को अच्छी तरह समझ चुकी है। जनता जानती है कि कौन उनके साथ खड़ा है और कौन केवल राजनीतिक लाभ के लिए बयानबाजी कर रहा है।

भ्रष्टाचार के आरोपों का जिक्र

उन्होंने आरोप लगाया कि दविंदर भुट्टो के कार्यकाल के दौरान बंगाणा के कई कार्यालय भ्रष्टाचार के अड्डे बन गए थे और ठेकेदारी अन्य गतिविधियों के कारण व्यवस्था पर सवाल उठे थे। लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है और सभी विभागों के अधिकारी ईमानदारी के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान विधायक विवेक शर्मा स्वयं किसी प्रकार की ठेकेदारी नहीं करते, पूरी पारदर्शिता के साथ विकास कार्य करवाने का प्रयास कर रहे हैं।

सरकारी सुविधाओं का उल्लेख

विवेक मिंका और दिनेश खत्री ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का विशेष आशीर्वाद कुटलैहड़ क्षेत्र को मिल रहा है। इसी का परिणाम है कि क्षेत्र की लंबे समय से लंबित कई महत्वपूर्ण मांगों को पूरा किया गया है। उन्होंने बताया कि बंगाणा को सब-जज कोर्ट, डीएसपी कार्यालय और बस अड्डे जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं मिली हैं, जो क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा भी क्षेत्र की लगभग 25 महत्वपूर्ण मांगों को पूरा किया गया है, जिससे कुटलैहड़ के विकास को नई दिशा मिली है। इन फैसलों से क्षेत्र की जनता को प्रशासनिक सुविधाएं अपने नजदीक ही उपलब्ध होंगी और लोगों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा।

अंत में नेताओं का बयान

अंत में दोनों नेताओं ने कहा कि कुटलैहड़ की जनता आज भी अपने विधायक विवेक शर्मा के साथ मजबूती से खड़ी है और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लाई जाएंगी, जिससे कुटलैहड़ को और अधिक मजबूत तथा समृद्ध बनाया जा सकेगा।