Loading...

दिनदहाड़े महिला हत्याकांड में बड़ी सफलता, 40 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हरियाणा से दबोचे गए आरोपी, हत्या में इस्तेमाल हथियार और संदिग्ध कार भी पुलिस के कब्जे में

हिमाचल नाऊ न्यूज़ शिमला

शिमला। राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई मनीषा मित्तल हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के करीब 40 घंटे के भीतर पुलिस ने हत्या के दो आरोपियों को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय आशीष एहलावत निवासी झज्जर और 25 वर्षीय दीपक निवासी रोहतक के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को हरियाणा से हिरासत में लिया गया है। हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के लिए हरियाणा की एक स्विफ्ट कार का उपयोग किया गया था, जिस पर हिमाचल प्रदेश का एचपी-10 नंबर लगाया गया था। पुलिस ने संदिग्ध वाहन को भी जांच के दायरे में लिया है।

गौरतलब है कि संजौली की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित एक स्कूल के समीप दिनदहाड़े महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था। घटना के बाद पुलिस ने विशेष जांच दल गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद हिमाचल प्रदेश लाया जाएगा। मंगलवार को दोनों को जिला अदालत शिमला में पेश कर पुलिस रिमांड मांगी जाएगी ताकि हत्या के पीछे के कारणों और अन्य संभावित पहलुओं का खुलासा किया जा सके।

जांच के दौरान पुलिस मनीषा मित्तल के परिजनों, विशेषकर उनके भाई और पति से भी पूछताछ कर रही है। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर मृतका की बेटी को भी पुलिस संरक्षण प्रदान किया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और सभी संभावित एंगल पर गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। जल्द ही इस चर्चित हत्याकांड से जुड़े और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

Related Topics: