देश में 2014 से पहले होते थे घोटाले, अब हो रहा विकास- सुरेश कश्यप

HNN/ नाहन

2014 से पहले देश में घोटाले होते थे, 2014 के बाद देश में विकास हो रहा है। साथ ही भारत की विश्व में एक अलग पहचान बनी है। यह बात शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप ने नाहन विधानसभा क्षेत्र में नुक्कड़ जन सभाओं को संबोधित करते हुए कही।

भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप ने कहा कि एक समय वह भी था, जब पाकिस्तानी फौजी हमारे सैनिकों के सिर काट कर ले जाते थे। मगर 2014 के बाद से यह घटनाएं बंद हो रही है। एक समय था जब श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराने बड़ी चुनौती होता था। अब वहां पर शान से तिरंगा लहराता है। कुछ लोग कहते थे कि राम मंदिर कभी नहीं बनेगा।

मगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर भी बना, धारा 370 भी हटी तथा भारत विश्व में तेजी से विकास करने वाला देश भी बन रहा है। जो देश प्रधानमंत्री मोदी को पहले वीजा नहीं देते थे, तब उन देशों के राष्ट्रपति तथा प्रधानमंत्री भी मोदी को बार-बार निमंत्रण देते है।

भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन विधानसभा क्षेत्र के देवका, सुरला, कोलावाला भूड़, सलानी, कटोला, बर्मा पापड़ी, सेनवाला, आम वाला में जनसभा तथा बैठक में कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार फिर पीएम बनाने की अपील की।

वहीं डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा कि पिछले डेढ़ साल में जिला सिरमौर के समस्त विकास कार्य कांग्रेस पार्टी ने, कांग्रेस सरकार ने बंद करा दिए हैं। 90 से ज्यादा संस्थान जिनमें प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, स्कूल, काॅलेज, तहसील, उप तहसील, पटवार सर्कल व अन्य कार्यालय शामिल है और यह कार्यालय जनता को सेवाएं दे रहे थे, चले हुए थे, इन्हें बद करके सिरमौर की जनता के साथ सुखविन्द्र सरकार ने धोखा किया है।

सिरमौर का एक मात्र मेडिकल काॅलेज जिसके लिए केन्द्र की भाजपा सरकार ने 265 करोड़ रुपए दिए, उसका काम 16 महीने से बंद पड़ा है। मेडिकल काॅलेज का काम बंद होने से मरीजों को भारी परेशानियां हो रही है।