Loading...

नशे को अपनाए नहीं बल्कि इससे दूर ही रहें- एमआई खान

Ankita • 14 Jun 2023 • 1 Min Read

बॉयज स्कूल नाहन में नशीले पदार्थो एवं यातायात नियमों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

HNN/ नाहन

पुलिस पेंशनर्स वेलफेयर संगठन जिला सिरमौर की ओर से गवर्नमेंट मॉडल शमशेर सिनियर सेकेंडरी बॉयज स्कूल नाहन में छात्रों और शिक्षकों के साथ सभी प्रकार के नशीली दवाओं व नशीले पदार्थो एवं यातायात नियमों पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जिसमें संगठन अध्यक्ष एमआई खान ने सभी छात्रों को नशा और यातायात के बारे में जागरुक किया। सभी प्रकार के नशीले पदार्थो के प्रकार और इसको सेवन करने से शरीर और जीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव एवं इससे संबंधित कानून के बारे में अवगत करवाते हुए बताया गया कि बहुत बड़ी संख्या में आज का युवा वर्ग भारी संख्या में नशे की लत में पड़ गया है।

नशा एक बहुत भयानक और स्लो पॉइजन वाली घातक बीमारी है जिसको व्यक्ति स्वयं ग्रहण करता है। नशे की लत पड़ने पर अपने लिए नशा उपलब्ध करने के लिया वह व्याक्ति अपना सब कुछ दांव पर लगाते हुए अपना जीवन बर्बाद कर लेता है। नशा उपलब्ध नहीं होने पर दूसरे की हत्या भी कर देता है और स्वयं आत्महत्या भी कर लेता है।

इसलिए नशे को नहीं अपनाए बल्कि इससे दूर ही रहें। एमआई खान ने बताया कि हमें यातायात नियमों का भी अच्छे से पालन करना चाहिए। उन्होंने बताया कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले हमेशा सड़क दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में आए दिन कहीं सड़क हादसे पेश आते हैं। इन्हीं सड़क हादसों से बचने के लिए हमें यातायात के नियमों का अच्छे से पालन करना चाहिए। बाइक चलाते हुए हेलमेट और गाड़ी चलाते हुए हमेशा सीट बेल्ट का प्रयोग करना चाहिए।

इस अवसर पर पुलिस पेंशनर्स संगठन के सदस्य एम आई खान, राकेश कुमार और परमोद सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा प्रधानाचार्य राज कुमार चौहान और अन्य सभी शिक्षिक भी उपस्थित रहे।