Loading...

नाहन की मुख्य पेयजल योजना की पाइपलाइन फटी, शहर की जलापूर्ति पर संकट के बादल

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

धौन में रविवार देर सुबह हुआ पाइपलाइन ब्लास्ट, देर शाम तक मरम्मत में जुटी रही जल शक्ति विभाग की तकनीकी टीम; वैकल्पिक ग्रेविटी स्कीम से सप्लाई बहाल रखने का दावा

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

जिला मुख्यालय नाहन को प्रतिदिन लाखों लीटर पेयजल उपलब्ध करवाने वाली मुख्य गिरि उठाऊ पेयजल योजना रविवार को तकनीकी खराबी के चलते बाधित हो गई। रामाधौन पंचायत के धौन में योजना की मुख्य पाइपलाइन फटने से पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने का संकट पैदा हो गया। पाइपलाइन फटने की सूचना मिलते ही जल शक्ति विभाग की तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई और देर शाम तक मरम्मत कार्य में जुटी रही।

मौके से मिली जानकारी के अनुसार रविवार देर सुबह मुख्य पाइपलाइन में खराबी आई। बताया जा रहा है कि पाइप के भीतर ब्लॉकेज होने के कारण लाइन पर दबाव बढ़ा, जिससे पाइपलाइन फट गई। यह लाइन नाहन शहर की पेयजल व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में योजना के बाधित होने से शहर में नियमित जलापूर्ति प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई।

पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलते ही विभाग ने तकनीकी कर्मचारियों को मौके पर भेजा। टीम ने खराबी को दुरुस्त करने के लिए काम शुरू किया, लेकिन देर शाम तक भी मरम्मत कार्य जारी था। मुख्य लाइन को दोबारा सुचारू करने के लिए विभागीय स्तर पर प्रयास किए जाते रहे।

हालांकि, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता देवानंद पुंडीर ने बताया कि पेयजल आपूर्ति बनाए रखने के लिए नैहरस्वार ग्रेविटी स्कीम को वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर सुचारू कर दिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि फटी हुई मुख्य पाइपलाइन को जल्द ठीक कर दिया जाएगा और पेयजल व्यवस्था को सामान्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि गिरि उठाऊ पेयजल योजना के माध्यम से नाहन शहर को प्रतिदिन करीब 40 लाख लीटर से अधिक पेयजल की आपूर्ति की जाती है। ऐसे में इस योजना की मुख्य पाइपलाइन में आई खराबी ने विभाग के सामने मरम्मत के साथ-साथ शहर की नियमित जलापूर्ति बनाए रखने की चुनौती खड़ी कर दी है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी खराबी के बावजूद वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से पेयजल आपूर्ति बाधित नहीं होने दी जाएगी।