नाहन को 190 करोड़ की विकास सौगात, 17 परियोजनाओं से बदलेगी तस्वीर
मुख्यमंत्री ने नाहन दौरे के दौरान करीब 190 करोड़ रुपये की 17 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
नाहन
नाहन को 190 करोड़ की विकास सौगात, 17 परियोजनाओं से बदलेगी तस्वीर
स्मार्ट ग्रिड, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा ढांचे को मजबूती, 28 परिवारों को मिला मालिकाना हक
नाहन
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने एक दिवसीय नाहन दौरे के दौरान क्षेत्र के विकास को गति देते हुए करीब 190 करोड़ रुपये की 17 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से नाहन और आसपास के क्षेत्रों में बिजली, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के ढांचे को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने करीब 152 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास किए। इनमें नाहन शहर में 53.40 करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट ग्रिड तकनीक का कार्यान्वयन तथा पांवटा साहिब में 43.66 करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट ग्रिड परियोजना प्रमुख हैं। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में बिजली वितरण प्रणाली को अधिक आधुनिक और भरोसेमंद बनाने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 16.04 करोड़ रुपये की लागत से भेरों से आदि बद्री सड़क तथा 12.36 करोड़ रुपये की लागत से कांशिवाला से बिरोजा फैक्ट्री वाया जब्बल का बाग सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
उन्होंने 8.42 करोड़ रुपये की लागत से नाहन में मुख्य चिकित्सा कार्यालय भवन, 8.17 करोड़ रुपये की लागत से बर्मा पापड़ी-पालियों-माजरी सड़क के सुधार एवं उन्नयन तथा 6.98 करोड़ रुपये की लागत से सैनवाला झमेरिया-ब्रोगरिया-जामनवाला-चरूवाला-कोटला लिंक रोड के निर्माण कार्य की भी आधारशिला रखी।
मुख्यमंत्री ने एनएच-07 से भद्रकाली मंदिर होते हुए फॉरेस्ट चेक पोस्ट कोलर बिलासपुर तक 3.13 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले संपर्क मार्ग का भी शिलान्यास किया।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कई परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें 3.03 करोड़ रुपये की लागत से नाहन में निर्मित टेबल टेनिस-कम-स्क्वैश कोर्ट कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन प्रमुख रहा।
इसके अलावा धौलाकुआं स्थित राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में 3.17 करोड़ रुपये की लागत से बने छात्रावास तथा 4.91 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अकादमिक खंड की दूसरी मंजिल का लोकार्पण किया गया।
इसी संस्थान में 7.81 करोड़ रुपये की लागत से बने आवासीय खंड, 2.41 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ऑटोमोबाइल खंड और 3.30 करोड़ रुपये की लागत से छात्रावास भी जनता को समर्पित किए गए।
इसके साथ ही 2.57 करोड़ रुपये की लागत से जुड्डा-का-जोहार से गांव गड्डा तक संपर्क सड़क, 3.80 करोड़ रुपये की लागत से कालाअंब में फायर पोस्ट भवन और नाहन में 5.65 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर का भी उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) के तहत 28 परिवारों को मालिकाना हक के पट्टे भी प्रदान किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास को गांव-गांव तक पहुंचाने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।