नाहन में शौर्य जागरण रथ यात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत
पांच अक्टूबर से शुरू हुई इस यात्रा का नाहन पहुंचकर हुआ समापन
HNN/ नाहन
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की ओर से निकाली जा रही शौर्य जागरण रथ यात्रा सोमवार को जिला मुख्यालय नाहन पहुंची। इस दौरान लोगों ने विशेष रथ पर सवार भगवार श्री राम, लक्ष्मण, सीता माता और हनुमान के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

बता दें कि यह यात्रा पांवटा के देई जी साहिब मंदिर से 5 अक्तूबर को शुरू हुई थी। जो जिले के विभिन्न स्थानों से होती हुई सोमवार को नाहन पहुंची। रघुनाथ मंदिर में सबसे पहले स्वागत किया गया। इसके बाद यह कच्चा जोहड़, पक्का टैंक, गुन्नुघाट बाजार, दिल्लीगेट से होती हुई चौगान मैदान पहुंचकर समाप्त हुई।
दिल्ली गेट पर लायंस क्लब नाहन और श्री सनातन धर्म मंदिर सभा ने इसका स्वागत किया। इस दौरान क्लब के विजय गुप्ता, राजीव बंसल, मनीष गर्ग समेत अन्य सदस्यों ने रथ पर विराजमान भगवानों की पूजा अर्चना की, उसके बाद लड्डूओं का भोग वितरित किया। रथयात्रा के प्रभारी दीपक भंडारी ने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य हिन्दुओं को राम मंदिर निर्माण का निमंत्रण देना रहा।
दशकों बाद जनवरी माह में भगवान राम गर्भगृह में प्रवेश कर रहे हैं। इसे लेकर हिन्दुओं में भारी जोश व उत्साह है। इसे लेकर यह यात्रा निकाली गई थी, जो नाहन के चौगान मैदान में सोमवार को समाप्त हुई। इस अवसर पर जिला महामंत्री सुनील चौधरी, संयोजक किशोर चौधरी समेत विहिप कार्यकर्ता मौजूद रहे।