Loading...

नाहन शहर में धूमधाम से निकली भगवान वाल्मीकि जी की शोभा यात्रा

Ankita • 27 Oct 2023 • 1 Min Read

विधायक अजय सोलंकी ने शुभकामनाएं देते हुए पालकियों को दी रवानगी

HNN/ नाहन

नाहन शहर में वाल्मीकि जयंती बड़ी धूमधाम से मनाई गई। विधायक अजय सोलंकी के द्वारा जहां श्री वाल्मीकि जी के मंदिर में माथा टेकने के बाद उनके द्वारा वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं देते हुए शहर में निकल जाने वाली शोभायात्रा की पालकियों को रवानगी भी दी गई।

इस मौके पर उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज जो समाज में माहौल चला हुआ है उसमें हमें एक बार फिर से महर्षि वाल्मीकि जी की शिक्षाओं पर गंभीरता से अमल करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि महर्षि के द्वारा जो शिक्षाएं दी गई थी उनका अनुकरण व अमल करने से जीवन को सुखमय बनाया जा सकता है। सोलंकी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी का जीवन तब त्याग और लोक कल्याण को समर्पित रहा है।

उन्होंने कहा कि आज जो महान ग्रंथ प्रेरणा स्त्रोत के रूप में न केवल घर-घर में बल्कि पूरी दुनिया में ज्ञान की अलख जगा रहा है उसे ज्ञान गंगा रूपी रामायण की रचना भी महर्षि भगवान वाल्मीकि के द्वारा की गई थी।भगवान वाल्मीकि जी की जयंती के उपलक्ष पर पूरे शहर भर में शोभा यात्रा निकाली गई।

यह शोभा यात्रा इतनी भव्य और सुंदर थी कि ऐसा लग रहा था जैसे देवलोक से देवता साक्षात रूप से धरती पर उतर आए हैं। इस दौरान भारी संख्या में महर्षि वाल्मीकि के परम भक्त शोभायात्रा में शामिल रहे। महर्षि के भजनों के साथ-साथ बैंड बाजे के बीच लोगों ने जमकर खुशियां भी मनाए।

शहर में अलग-अलग समुदाय और धार्मिक संगठनों के द्वारा शोभायात्रा का स्वागत किया गया। इस भव्य बाल्मीकि जयंती समारोह का आयोजन भगवान वाल्मीकि प्रकटोत्सव समिति नाहन के द्वारा किया गया।

बता दें कि इस बार भगवान महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती चार दिनों तक मनाई जानी है। 26 अक्टूबर की सुबह इसकी शुरुआत हुई थी। पहले दिन प्रातः कालीन कार्यक्रम का शुभारंभ पार्षद योगेश गुप्ता द्वारा किया गया था।

बता दें कि ध्वजारोहण का कार्यक्रम 28 अक्टूबर को शनिवार के दिन रखा गया है। इस दिन बतौर मुख्य अतिथि डीसी सिरमौर सुमित खिमटा शिरकत करेंगे। शनिवार को ही विशाल भंडारे का भी आयोजन रखा गया है।

इस पवित्र कार्यक्रम का समापन 29 अक्टूबर रविवार को शाम 7:00 बजे रखा गया है। जिसमें प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष व पूर्व में विधायक रहे डॉक्टर राजीव बिंदल मुख्य अतिथि रहेंगे।