Loading...

पांवटा साहिब नगर परिषद चुनाव: भाजपा ने 13 वार्डों में उम्मीदवार किए घोषित

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

निर्मल कौर वार्ड 1 से मैदान में, तीन पूर्व अध्यक्षों को भी टिकट

हिमाचल नाऊ न्यूज़ पांवटा साहिब

पांवटा साहिब नगर परिषद चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी रणनीति स्पष्ट करते हुए सभी 13 वार्डों में समर्थित उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने इस बार नए और अनुभवी चेहरों का मिश्रण उतारते हुए चुनावी मैदान में मजबूती से उतरने का संकेत दिया है।

मंगलवार को भाजपा जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता और पांवटा साहिब मंडल अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने पत्रकार वार्ता में उम्मीदवारों की सूची जारी की। इस मौके पर पूर्व ऊर्जा मंत्री एवं स्थानीय विधायक सुखराम चौधरी भी मौजूद रहे।

भाजपा ने इस बार तीन पूर्व नगर परिषद अध्यक्षों को भी मैदान में उतारा है। वर्तमान अध्यक्ष निर्मल कौर को वार्ड नंबर 1 से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं पूर्व अध्यक्ष संजय सिंघल वार्ड नंबर 8 और कृष्णा धीमान वार्ड नंबर 11 से चुनाव लड़ेंगी।

इसके अलावा निवर्तमान वाइस चेयरमैन ओम प्रकाश कटारिया को वार्ड नंबर 10 से जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने अन्य वार्डों में भी स्थानीय स्तर पर सक्रिय और मजबूत दावेदारों को मौका दिया है।

घोषित उम्मीदवारों में वार्ड 2 से आशा मलंहन्स, वार्ड 3 से राजरानी, वार्ड 4 से दीपा शिखा शर्मा, वार्ड 5 से सर्वशक्ति भटनागर, वार्ड 6 से सुमन गर्ग, वार्ड 7 से मोहसीन खान, वार्ड 9 से नवीन शर्मा, वार्ड 12 से सुमन गुप्ता और वार्ड 13 से मोहिंदर चौधरी को मैदान में उतारा गया है।

भाजपा ने जहां अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुनावी बिगुल बजा दिया है, वहीं कांग्रेस खेमे में अभी तक उम्मीदवारों के नामों को लेकर स्थिति साफ नहीं हो पाई है। जबकि जिला भाजपा अध्यक्ष ने अपने गृह क्षेत्र से उम्मीदवारों के चयन को लेकर अपनी काबिलियत को साबित भी किया है।

वहीं जहां कांग्रेस के खेमे में गुट बाजी की बड़ी खलबली मची हुई है तो वहीं भाजपा के फील्ड मार्शल विधायक सुखराम चौधरी अपने राजनीति गहन छक्केपंजे लड़ाने शुरू कर चुके हैं।