पैसे डबल करवाने के नाम पर व्यक्ति से धोखाधड़ी, एफआईआर दर्ज
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पैसे डबल करवाने के नाम पर एक व्यक्ति ठगी का शिकार हो गया। साइबर पुलिस थाना शिमला में पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। वही पीड़ित की शिकायत के आधार पर जीरो एफआईआर के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 420,120-बी और 66डी, आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
छोटा शिमला निवासी मनोज ठाकुर ने साइबर पुलिस थाना शिमला को दी शिकायत में बताया कि नवंबर 2021 को जोगिंदर कुमार ने उसे अपने झांसे में लिया और कहा कि SUNtec.com एप के जरिए वह पैसे दोगुना करता है। जिसके बाद पीड़ित भी व्यक्ति के झांसे में आ गया और उसने जोगिंदर कुमार के कहने पर उसके खाते में 75 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए।
जोगिंदर ने उसे 4 महीने तक लगभग 26 हजार रुपए ब्याज दिया लेकिन शेष बकाया राशि 49 हजार रुपए अभी तक नहीं दिए। पीड़ित ने बताया कि उसने आरोपी से जब पैसे मांगे तो वह बात को टालमटोल करता रहा। ऐसे में उसे शिकायत दर्ज करवानी पड़ी।