Loading...

प्रदेश में आखिर किसके संरक्षण में चल रहा पावर ऑफ अटॉर्नी का बड़ा खेला- बिंदल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 9 Hours Ago • 1 Min Read

टिप्पर-ट्राला आतंक, लम्पी बीमारी और बढ़ती चोरियों को लेकर घेरा सरकार को ; व्यवस्था नहीं सुधरी तो आंदोलन की चेतावनी

नाहन


प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं नाहन विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने हिमाचल प्रदेश में दूसरे राज्यों की संपत्तियों से संबंधित पावर ऑफ अटॉर्नी बनाए जाने के मामले को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोमवार को नाहन में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदेश में आखिर किसके संरक्षण में पावर ऑफ अटॉर्नी का यह बड़ा खेल चल रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में न जमीन हिमाचल की है, न जमीन का मालिक हिमाचल का है और न ही खरीददार हिमाचल का है, बावजूद इसके पावर ऑफ अटॉर्नी हिमाचल में बनाई जा रही है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि विशेषकर सिरमौर और सोलन जैसे सीमावर्ती जिलों में इस मामले की गंभीरता से जांच की आवश्यकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब संपत्ति हरियाणा, पंजाब या दिल्ली में है और उससे जुड़े लोग भी दूसरे राज्यों के हैं तो उसकी पावर ऑफ अटॉर्नी हिमाचल में क्यों तैयार की जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे मामले का तत्काल संज्ञान लेने और यह पता लगाने की मांग की कि इसके पीछे कौन लोग हैं तथा किसके संरक्षण में यह काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि इसमें किसी प्रकार की अनियमितता या मिलीभगत सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

टिप्पर-ट्राला आतंक पर भी सरकार को घेरा

डॉ. बिंदल ने पांवटा साहिब से काला आम तक बड़े टिप्परों और ट्रालों की आवाजाही को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कई बड़े और ओवरलोड ट्राले दिन-रात सड़कों पर खड़े रहते हैं। इनके खराब होने पर कई-कई घंटे यातायात बाधित रहता है और आठ से दस घंटे तक जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार एंबुलेंस तक जाम में फंस जाती हैं। हाल में ट्राले की चपेट में आने से हुई युवक की मौत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे वाहन क्षेत्र की सड़कों पर लोगों के लिए जान का खतरा बन चुके हैं।

उन्होंने सरकार से सवाल किया कि इन वाहनों को कौन-कौन सी अनुमति दी गई है, इनमें माल कहां से आ रहा है और कहां जा रहा है, क्या सरकार को इनसे पूरा टैक्स मिल रहा है और बिना नंबर के वाहन सड़कों पर कैसे चल रहे हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की और संभावित संरक्षण तथा मिलीभगत की भी जांच करवाने की बात कही।

लम्पी बीमारी से पशुधन का नुकसान, पशु चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल

डॉ. बिंदल ने लम्पी बीमारी से पशुधन को हो रहे नुकसान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में यह बीमारी तेजी से फैल रही है और 50 से अधिक कीमती पशुओं की मौत होने की जानकारी सामने आई है। एक-एक गाय और भैंस की कीमत करीब एक लाख रुपये तक होने के कारण किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पशु चिकित्सा व्यवस्था कमजोर हुई है और कई पशु चिकित्सालय बंद कर दिए गए हैं। बीमार पशुओं के उपचार के लिए आवश्यक दवाइयां भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने सरकार से लम्पी बीमारी की रोकथाम, दवाइयों की उपलब्धता और पशु चिकित्सा सेवाओं को तत्काल मजबूत करने की मांग की।

नाहन में बढ़ती चोरियों पर भी जताई चिंता

डॉ. बिंदल ने नाहन क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर भी सरकार और पुलिस प्रशासन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चोर बेखौफ होकर घरों और दुकानों को निशाना बना रहे हैं, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने कानून व्यवस्था को मजबूत करते हुए चोरी की घटनाओं पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की।

समस्याएं नहीं सुलझीं तो सड़कों पर उतरेगी भाजपा

डॉ. बिंदल ने स्पष्ट कहा कि भाजपा जनहित से जुड़े इन गंभीर मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने प्रदेश सरकार को चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया और व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो भाजपा जनता के साथ सड़कों पर उतरेगी तथा सरकार के खिलाफ व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग भाजपा नेता राजेंद्र सिंह सहित अन्य भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।