बंगाणा में प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेता देविंद्र कुमार भुट्टो ने मुख्यमंत्री सुक्खू और सरकार पर उठाए सवाल
कुटलैहड़ विधानसभा के भाजपा नेता देविंद्र कुमार भुट्टो का सीएम सुक्खू पर पलटवार, बोले सुक्खू एक्सिडेंटल मुख्यमंत्री, हिमाचल को कांग्रेस मुक्त करने का कर रहे काम ,कुटलैहड़ के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व विधायक देविंद्र कुमार भुट्टो ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार पर तीखे आरोप लगाए। बंगाणा में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास, सरकार की गारंटियों और प्रशासनिक कामकाज को लेकर कई सवाल उठाए।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
सीएम सुक्खू और विधायक पर तीखा पलटवार
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक दविंद्र कुमार भुट्टो ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कुटलैहड़ के मौजूदा विधायक पर तीखा पलटवार किया। बंगाणा मे मीडिया से वार्ता में दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एक एक्सिडेंटल मुख्यमंत्री हैं और कुटलैहड़ के विधायक एक्सिडेंटल एमएलए बनकर सत्ता में पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें 2022 के विधानसभा चुनावों में आठ हजार मतों से जीत दिलाई थी, जबकि कांग्रेस के नेताओं ने उस समय भी उनका विरोध किया था। दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि राजनीति में पद और कुर्सी से ज्यादा महत्वपूर्ण सिद्धांत और धर्म होते हैं। उन्होंने कहा कि यदि हिंदू सनातन धर्म के लिए लड़ना पड़े तो वे सौ बार अपनी कुर्सी कुर्बान करने के लिए तैयार हैं। दविंदर कुमार भुट्टो ने संबोधन में कांग्रेस पार्टी पर सनातन धर्म के विरोध का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश की राजनीति में धर्म और संस्कृति का मुद्दा महत्वपूर्ण हो गया है। दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि यदि हिंदू समाज जय श्री राम का उद्घोष भी नहीं कर सकता तो फिर हिंदू होने का क्या अर्थ रह जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी की नीतियां सनातन विरोधी हैं और यही कारण है कि जनता का भरोसा कांग्रेस से लगातार कम होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं की रक्षा के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है और इसी विचारधारा के कारण जनता का समर्थन पार्टी को मिल रहा है। इस मौके पर मंडलाध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़, कृष्ण पार शर्मा, सूरम सिंह आदि मौजूद रहे।
दविंदर कुमार भुट्टो मुख्यमंत्री के कुटलैहड़ दौरे पर उठाए सवाल
भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुटलैहड़ दौरे पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री यहां आए जरूर, लेकिन क्षेत्र के लिए क्या देकर गए, यह बात आज जनता के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने कुटलैहड़ क्षेत्र के विकास के लिए कोई ठोस योजना नहीं दी। दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में न तो क्षेत्र की सड़कों की हालत सुधरी और न ही विकास कार्यों में तेजी आई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू हेलीकॉप्टर से दौरे कर रहे हैं, उन्हें कुटलैहड़ की जमीनी हकीकत और यहां की खराब सड़कों का दर्द पता नहीं चल सकता। दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री सच में विकास चाहते हैं तो उन्हें जमीनी स्तर पर आकर जनता की समस्याओं को समझना चाहिए।
अपने तीन वर्ष के कार्यकाल की योजनाओं का उल्लेख करें बड़े मियां और छोटे मियां
पूर्व विधायक एक भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने अपने विधायक कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विधायक बनने के बाद उन्हें कुल 31 करोड़ रुपये की राशि विभिन्न योजनाओं के लिए मिली थी और उन्होंने उस धनराशि को क्षेत्र के विकास में लगाया। उन्होंने बताया कि तर्कवाल क्षेत्र के लिए 15 करोड़ रुपये की पेयजल योजना उनकी विधायक निधि से स्वीकृत करवाई गई थी। इसके अलावा जोगी पंगा झंबर सड़क के लिए 10 करोड़ रुपये और बंगाणा कॉलेज से चपलाह सड़क तथा पुल निर्माण के लिए 6 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे। दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र के हजारों लोगों को लाभ मिला है और यह कार्य उनके विकास के प्रति समर्पण को दर्शाते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि वर्तमान सरकार और विधायक ने तीन वर्षों में क्षेत्र के लिए कौन-से बड़े विकास कार्य किए हैं। अगर तीन वर्षों में कोई योजना कुटलैहड़ को दी है। तो उनका उल्लेख करें।
भ्रष्टाचार का अड्डा बने बंगाणा के कार्यालय,उनकी जांच करवाएं मुख्यमंत्री सुक्खू
भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने लोक निर्माण विभाग के बंगाणा मंडल पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है और यहां साढ़े चार करोड़ रुपये के फर्जी टेंडर लगाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अधिकारियों को गुमराह कर रहे हैं और क्षेत्र में “बंटी-बबली की जोड़ी” के नाम से मशहूर कुछ नेता प्रशासन को गलत दिशा में ले जा रहे हैं। दविंदर भुट्टो ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री में हिम्मत है तो उन ठेकेदारों की शिकायतों की जांच करवाएं, जिन पर रिश्वतखोरी के आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इन मामलों के सभी सबूत इकट्ठा कर रही है और समय आने पर इन्हें जनता और सरकार के सामने रखा जाएगा।
उपचुनाव और कांग्रेस की गारंटियों पर दविंदर कुमार भुट्टो ने उठाए सवाल
भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने 2024 के उपचुनावों के दौरान कांग्रेस सरकार द्वारा दी गई गारंटियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र की महिलाओं से 1500 रुपये प्रति माह देने का वादा किया गया था और इसके लिए लगभग 22 हजार फॉर्म भी भरे गए थे। उन्होंने पूछा कि आखिर महिलाओं को अभी तक यह राशि क्यों नहीं मिल रही है और सरकार अपनी गारंटियों को कब पूरा करेगी। दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि कांग्रेस सरकार की दस गारंटियां केवल चुनावी वादे बनकर रह गई हैं और जनता अब इनका हिसाब मांगने लगी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनावों में जनता कांग्रेस को जवाब देगी और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस मुक्त बनेगा। भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि कुटलैहड़ में भाजपा का कमल 15 हजार मतों की बढ़त के साथ खिलेगा और जनता “एक्सिडेंटल विधायक” का ऐसा राजनीतिक अंत करेगी कि उन्हें पैदल चलना भी मुश्किल हो जाएगा। पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो के इस तीखे बयान से कुटलैहड़ की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। जहां एक ओर उन्होंने मुख्यमंत्री और मौजूदा विधायक पर गंभीर आरोप लगाए, वहीं दूसरी ओर अपने कार्यकाल के विकास कार्यों का हवाला देकर भाजपा की मजबूत स्थिति का दावा भी किया। अब देखना यह होगा कि इन आरोपों पर कांग्रेस की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है और कुटलैहड़ की सियासत आने वाले समय में किस दिशा में आगे बढ़ती है।