Loading...

बम-बम भोले के जयकारों से गूंजे सिरमौर के शिवालय

Ankita • 8 Mar 2024 • 1 Min Read

मंदिरों में हजारों की संख्या में जुटे श्रद्धालुगण, भक्तों पर चढ़ा भोले की मस्ती का रंग

HNN/ नाहन

महाशिवरात्रि का पावन पर्व जनपद सिरमौर में बड़ी श्रद्घा व उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान कई शिवालय बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठे।

जिला मुख्यालय नाहन के रानीताल स्थित शिव मंदिर, कालीस्थान मंदिर, स्वर्ग की दूसरी सीढ़ी कहे जाने वाले पौढ़ीवाला शिवधाम, जोगनवाली शिव मंदिर, ढाबो मोहल्ला के शिवालय के साथ साथ जिले के विभिन्न स्थानों पर शिवालयों में हजारों की संख्या में श्रद्घालु उमड़े।

पौढ़ीवाला में हरियाणा के नारायणगढ़, जगाधरी, यमुनानगर आदि क्षेत्रों से भी हजारों की संख्या में श्रद्घालु भगवान भोलेनाथ के दर्शनों के लिए पहुंचे। देर शाम तक भी शिवालयों में भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही थी। सुबह से ही मंदिरों में भारी संख्या में श्रद्धालु जुटने शुरू हो गए थे।

जहां शिवलिंग का जलाभिषेक किया गया। साथ ही बैर, बिल पत्र, धतुरा, गंगाजल, दूध, पुष्प, घी, शहद, दही व नवेदय आदि भी भोलेनाथ के चरणों में समर्पित किया गया। इसके अलावा त्रिलोकपुर स्थित शिव मंदिर, जमटा स्थित महामाया बालासुंदरी मंदिर, कटासन मंदिर आदि शिवालयों में श्रद्घालुओं की भारी भीड़ रही।

इस पावन पर्व पर कई मंदिरों में हवन यज्ञों का आयोजन हुआ। कहीं शिव कथा पाठ हुए, तो जगह जगह भंडारे भी लगाए गए। रानीताल में घोटे के प्रसाद के लिए भी हजारों की भीड़ उमड़ी।

कुल मिलाकर शिवालय में विशेष रौनक देखने को मिली। वहीं ददाहू, रेणुकाजी तीर्थ व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में में महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया। शिवालयों में श्रद्धालुओं को भांग के घोटे का चरणामृत वितरित किया गया।

इस मौके पर शिवालय भजन कीर्तन के साथ-साथ भोलेनाथ के जयकारों व महामृत्युंजय के जाप से गूंज उठे। रेणुकाजी तीर्थ के स्थित निर्माण आश्रम, सन्यास आश्रम व गायत्री आश्रम में घोटे का प्रसाद चखने वाले भक्तों की विशेष रौनक दिखाई दी। जहां बारी-बारी से सभी भक्तों को घोटे का प्रसाद वितरित किया गया।