Loading...

बर्फीली रात में आग का कहर : परिवार का सात कमरों का मकान राख

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 24 Dec 2024 • 1 Min Read

Himachalnow / शिमला

तहसील नेरवा की धनत पंचायत के पोशडाह गांव में सोमवार रात बर्फबारी के बीच एक दुखद घटना हुई, जब सात कमरों का एक मकान आग लगने से पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना के समय मकान मालिक फूल दास और उनका परिवार घर के अंदर सो रहा था। तेज लपटें उठने के बावजूद परिवार को आग लगने का पता नहीं चला।

इस दौरान सामने के गांव में रहने वाले कंवर सिंह ने मकान से धुआं और लपटें उठती देखीं। उन्होंने जोर-जोर से आवाजें लगाईं, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद, कंवर सिंह और उनके भाई अतर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए पूरे परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला।

हालांकि, आग इतनी तेजी से फैली कि मकान पूरी तरह राख हो गया और परिवार के पास तन पर पहने कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा। इस अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवार ने अपने पड़ोसी के घर में रात बिताई।