बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने छोड़ा देश, पीएम पद से दिया इस्तीफा
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने देश छोड़ दिया है। पीएम हसीना ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वह हेलीकॉप्टर से भारत के लिए रवाना हो गई हैं। दरअसल, बांग्लादेश में आरक्षण के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन लगातार जारी है। यहां रविवार शाम छह बजे से कर्फ्यू लगा हुआ है। अब तक हिंसा में कम से कम 300 लोगों की मौत हो चुकी है।
देश बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री शेख हसीना ने पद से इस्तीफा दे दिया। बता दें कि बांग्लादेश में हाल ही में पुलिस और छात्र प्रदर्शनकारियों के बीच हिसंक झड़पें हुईं हैं। दरअसल, प्रदर्शनकारी छात्र विवादित आरक्षण प्रणाली को समाप्त करने की मांग कर रहे हैं। इसके तहत बांग्लादेश के लिए वर्ष 1971 में आजादी की लड़ाई लड़ने वाले स्वतंत्रता संग्रामियों के परिवारों के लिए 30 प्रतिशत सरकारी नौकरियां आरक्षित की गईं हैं।
सरकारी नौकरियों के लिए कोटा प्रणाली को खत्म करने की मांग को लेकर लंबे समय से चल रहा छात्रों का प्रदर्शन रविवार को उग्र हो गया था। बांग्लादेश के इस प्रोटेस्ट में बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई है। आरक्षण के विरोध में शुरू हुआ ये प्रदर्शन अब पूरी तरह से हिंसा में तब्दील हो चुका है।
रविवार को हुई हिंसा में 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई, इनमें 19 पुलिसकर्मी शामिल हैं। सड़कों पर उत्पात मचा रहे प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने बल का प्रयोग किया। इंटरनेट पर बैन लगा दिया गया। अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू किया गया है।