बाहरी राज्यों के युवकों की गुंडागर्दी, स्थानीय लोगों पर जानलेवा हमला
HNN / मंडी
जिला मंडी में बाहरी राज्यों के कुछ युवकों ने स्थानीय लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमला करने के बाद आरोपी मनाली की तरफ भाग गए। हालांकि पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक सफलता हाथ नहीं लग पाई है।
दरअसल, देर रात मंडी से मनाली की तरफ जा रहे वाहन में सवार कुछ युवकों ने एचपी नंबर की कार का पीछा किया। जैसे ही एचपी नंबर की कार हणोगी माता मंदिर के पास पहुंची, तो अचानक पीछे से आ रही युवकों से भरी गाडी ने स्थानीय लोगों की गाडी को रोका और उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मनाली की तरफ भाग गए। गंभीर रूप से घायल लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया और उनके बयान दर्ज किए। हालांकि अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। उधर, एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है, जल्दी ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।