Loading...

भारतीय जनता पार्टी ही सबकी और समूचे समाज की पार्टी  : बिंदल

Shailesh Saini 14 Sep 2024 Edited 14 Sep 1 min read

प्रदेश अध्यक्ष ने साधा निशाना बोले कांग्रेस ने तो डॉ. भीमराव अंबेडकर को दो बार लोकसभा में जाने से रोकने का किया हर तरह से प्रयास

HNN News नाहन

ज़िला सिरमौर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने नाहन शहर के वार्ड न0 8 में कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा सदस्यता अभियान में भाग लिया। 

इस मौके पर बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा और एनडीए ने देश को आगे बढ़ाने का काम किया है। वहीं दूसरी ओर इंडी गठबंधन के सभी घटक दलों ने भ्रष्टाचार बढ़ाया और देश विरोधी लोगों को ताकत प्रदान की है।

बिंदल ने कहा कि 2 सितंबर 2024 को दिल्ली में भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में पार्टी के सदस्यता अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कर कमलों से किया गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश की एकमात्र पार्टी है, जहां प्रधानमंत्री से लेकर केंद्रीय मंत्री तक, राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक और जिलाध्यक्ष से लेकर मण्डल अध्यक्ष तक, पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को 6 वर्ष बाद अपनी सदस्यता का नवीनीकरण करवाना होता है।

बिंदल ने कहा कि यह और किसी राजनीतिक पार्टी में संभव नहीं हो सकता है, क्योंकि बाकी सभी पार्टियां जाति, क्षेत्र, परिवार या विशेष समुदाय पर आधारित पार्टी हैं। राजीव बिंदल ने कहा कि केवल।भारतीय जनता पार्टी ही सबकी और समूचे समाज की पार्टी है। 

बिंदल ने कहा कि भाजपा 18 करोड़ कार्यकर्ताओं से मिलकर बनी पार्टी है। इस बार भाजपा के सदस्यता अभियान का लक्ष्य 10 करोड़ लोगों को पार्टी के साथ जोड़ना है। अब तक सवा करोड़ से ज्यादा लोग भारतीय जनता पार्टी से जुड़ चुके हैं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सभी कार्यकर्ता इस अभियान को आगे बढ़ाने में पूरा सहयोग कर रहे हैं।  उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में अधिकारों की समानता के साथ-साथ अवसर की भी समानता है।

बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी गांव, गरीब, वंचित, दलित, शोषित, किसान, युवा, महिला सशक्तिकरण की पार्टी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने तो डॉ. भीमराव अंबेडकर को दो बार लोकसभा में जाने से रोकने के लिए हर तरह से प्रयास किए थे।