Loading...

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पहले वनडे में पांच विकेट से हराकर की जीत हासिल

Ankita • 22 Sep 2023 • 1 Min Read

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पहले वनडे में पांच विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही उसने वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली के मैदान पर 27 साल बाद जीत हासिल की है। इससे पहले इस मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में भारत की आखिरी जीत नवंबर 1996 में आई थी। तब उसने कंगारू टीम को पांच रन से पराजित किया था।

रन चेज में भारत के लिए शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 74 रन बनाए। वहीं ऋतुराज गायकवाड़ ने 71, केएल राहुल ने नाबाद 58 और सूर्यकुमार यादव ने 50 रन बनाए। राहुल ने सीन एबॉट की गेंद पर छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम तीनों फॉर्मेट में नंबर-1 बन गई है।

भारतीय टीम ऐसी दूसरी टीम है जिसने एक ही समय में तीनों फॉर्मेट में नंबर-1 का तमगा हासिल किया। इससे पहले साउथ अफ्रीका ही ऐसा कर पाई थी। टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 50 ओवरों में सभी विकेट खोकर 276 रन बनाए।

डेविड वॉर्नर ने 52 और जोश इंगलिस ने 45 रनों की पारी खेली। वहीं स्टीव स्मिथ ने 41 और लाबुशेन ने 39 रनों का योगदान दिया। भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने पांच विकेट हासिल किए। वहीं बुमराह, अश्विन और जडेजा को एक-एक विकेट मिला।