महाराष्ट्र के नए सीएम होंगे फडणवीस , भाजपा विधायक दल की बैठक में हुआ निर्णय
देवेंद्र फडणवीस फिर बनेंगे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, भाजपा विधायक दल की बैठक में मुहर
महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री को लेकर चल रहा सस्पेंस खत्म हो गया है। भाजपा विधायक दल की बैठक में देवेंद्र फडणवीस को सर्वसम्मति से नेता चुना गया है। फडणवीस 5 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। बुधवार को हुई बैठक में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर मौजूद रहे। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद फडणवीस ने सभी विधायकों और पार्टी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया और महाराष्ट्र की जनता का भी आभार जताया।
तीसरी बार सीएम पद की जिम्मेदारी संभालेंगे फडणवीस
महाराष्ट्र भाजपा के नेता सुधीर मुनगंटीवार ने जानकारी दी कि महायुति गठबंधन के नेता बुधवार शाम साढ़े तीन बजे राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात करेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह मुंबई के आजाद मैदान में होगा।
देवेंद्र फडणवीस तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनके साथ दो डिप्टी सीएम भी शपथ ले सकते हैं। ऐसी अटकलें हैं कि एनसीपी नेता अजित पवार और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है।
चुनाव के बाद मुख्यमंत्री को लेकर बनी थी असमंजस की स्थिति
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को जारी हुए थे, लेकिन एक हफ्ते तक मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा नहीं हो पाई थी। भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी, लेकिन गठबंधन के भीतर मुख्यमंत्री को लेकर कुछ मतभेद थे।
कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा था कि वे भाजपा नेतृत्व का फैसला स्वीकार करेंगे, लेकिन यह भी कहा कि राज्य की जनता उन्हें मुख्यमंत्री देखना चाहती है। इसी बीच, दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात के बाद शिंदे के अचानक सतारा स्थित अपने गांव जाने से अटकलें तेज हो गई थीं।
हालांकि, अब भाजपा विधायक दल की बैठक में देवेंद्र फडणवीस को नेता चुने जाने के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है और उनका मुख्यमंत्री बनना तय हो गया है।