ध्यूंसर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर जलाभिषेक किया। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
ब्रह्ममुहूर्त से गूंजे हर-हर महादेव के जयघोष
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र एवं उप तहसील जोल के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत खरयालता (तलमेहडा) उप-गांव वही में स्थित सदाशिव ध्यूंसर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के पर्व पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। प्रातः काल ब्रह्ममुहूर्त से ही मंदिर परिसर में हर-हर महादेव के जयघोष के नारे गूंजने लगे और दूर-दराज़ से आए हजारों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाते हुए लंबी कतारों में खड़े होकर भक्तों ने धैर्यपूर्वक दर्शन किए।
विधिवत अभिषेक और पूजा-अर्चना
महाशिवरात्रि के पवित्र दिन पर भक्तों ने शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का विधिवत अभिषेक किया। मान्यता है कि इस दिन सच्चे मन से की गई पूजा-अर्चना से भगवान शिव शीघ्र प्रसन्न होते हैं और भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। इसी विश्वास के साथ श्रद्धालु दिनभर मंदिर परिसर में आते रहे और आशीर्वाद प्राप्त किया।
रुद्राभिषेक और हवन से शिवमय हुआ वातावरण
सुबह से ही मंदिर में विशेष पूजा, रुद्राभिषेक और हवन का आयोजन किया गया। स्थानीय पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए, जिससे वातावरण पूरी तरह शिवमय हो उठा। भजन-कीर्तन और हर-हर महादेव के उद्घोष से पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर रहा और श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति और स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा व व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, स्वच्छता और यातायात की समुचित व्यवस्था की गई, जबकि स्वयंसेवकों ने पूरे दिन सेवा भाव से व्यवस्थाएं संभालीं। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
ट्रस्ट द्वारा व्यापक तैयारियां
इस अवसर पर सदाशिव चैरिटेबल ट्रस्ट ध्यूंसर के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा एवं अन्य ट्रस्टियों ने बताया कि महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट द्वारा कई दिन पूर्व से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं, ताकि दूर-दराज़ से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ट्रस्ट पदाधिकारियों के अनुसार श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल, भंडारे, प्राथमिक चिकित्सा, स्वच्छता तथा सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। स्थानीय प्रशासन, पुलिस विभाग और स्वयंसेवकों के सहयोग से पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया।
श्रद्धालुओं ने मांगी सुख-समृद्धि की कामना
दिनभर चले इस भव्य धार्मिक आयोजन के साथ देर शाम तक मंदिर परिसर शिव भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा रहा। श्रद्धालु भगवान शिव से सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना करते हुए अपने-अपने गंतव्यों की ओर लौटे।
विधायक ने भी किया दर्शन
इस अवसर पर विवेक शर्मा, विधायक कुटलैहड, एवं उनकी धर्मपत्नी ने भी सदाशिव ध्यूंसर महादेव मंदिर में पहुंचकर भगवान शिव के चरणों में शीश निभाया। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
इससे पूर्व मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने विधायक विवेक शर्मा को शिव भोलेनाथ का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। विधायक विवेक शर्मा ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर में की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए मंदिर समिति एवं सदाशिव चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रयासों की प्रशंसा की और श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group





