महिलाओं को मिलेंगे वाले 1500 रुपये पर सामाजिक न्याय मंत्री ने दी जानकारी
HNN/शिमला
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में एक परिवार से एक ही महिला को 1500 रुपये की सम्मान राशि मिलेगी। इस योजना के तहत 18 से 60 वर्ष की आयु वर्ग की कुल 7,88,784 महिलाओं ने आवेदन किए हैं।
वित्त वर्ष 2024-25 में 2284 लाख रुपये का प्रावधान योजना के तहत किया गया है। अब तक कुल 28,249 महिलाओं को राशि जारी हो चुकी है। 2,384 आवेदन पात्रता पूरी न होने पर रद्द किए गए। अपात्र महिलाओं को पैसा न मिले इसलिए सत्यापन में समय लग रहा है। विस उपचुनाव के चलते भी देरी हुई है।
विपक्षी सदस्यों ने सदन में खूब हंगामा किया। विपक्ष ने सरकार पर चुनावी गारंटी को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। भाजपा विधायक राकेश जम्वाल ने कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस ने अपनी गारंटी में 18 से 60 वर्ष की महिलाओं को 1,500 रुपये देने की बात कही थी। अब सिर्फ 28 हजार महिलाओं को पैसा जारी हुआ है। स्पष्ट है कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान जुमले कहे। झूठी गारंटी के माध्यम से महिलाओं को ठगा गया है।