महिलाओं ने आशा कार्यकर्ता पदों के साक्षात्कार पर जताई आपत्ति

HNN/ नाहन

सेन की सैर पंचायत की महिलाओं ने हाल में आशा कार्यकर्ता पदों के साक्षात्कार पर आपत्ति जताई है। महिलाओं ने इस बारे मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर के नाम शिकायती पत्र लिखकर साक्षात्कार फिर कराने का आग्रह किया है।

इस पंचायत की श्यामा देवी, अंजीता, सुमन, पूजा, बाला देवी, मनीषा, नीलम और कमलेश ने बताया कि आशा कार्यकर्ता के पदों के लिए आवेदन के बारे में ना तो पंचायत को सूचित किया गया, ना ही पहले से कार्य कर रही आशा कार्यकर्ताओं को जानकारी दी गई।

सूचना ना मिलने के चलते वह इन पदों के लिए आवदेन करने से वंचित रह गईं। विभाग ने अखबार में विज्ञापन प्रकाशित किया है, लेकिन पंचायत को भी इसकी सूचना देनी चाहिए थी।

उन्होंने बताया कि साक्षात्कार से वंचित रहीं महिलाओं में ऐसी भी हैं, जिन्होंने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले साक्षात्कार में हिस्सा लिया था, लेकिन इसका परिणाम नहीं निकला।

इन महिलाओं के दस्तावेज भी विभाग के पास उपलब्ध है। फिर भी उन्हें साक्षात्कार के लिए सूचित नहीं किया गया। महिलाओं ने चेतावनी दी कि इस भर्ती प्रक्रिया को निरस्त किया जाए, नहीं तो मजबूरन अदालत का दरवाजा खटाखटना पड़ेगा।