मेहमान परिंदों की अठखेलियों से गुलजार हुआ बीएसएल जलाशय
HNN/ मंडी
अगर आप प्रकृति के मनोरम दृश्य का दीदार करना चाहते हैं, पक्षियों से आपको प्रेम है, तो यह मौका आपके लिए ही है। देश-विदेश से पक्षियों का जिला मंडी के जलाशय में आना शुरू हो गया है। कई देशों से आए मेहमानों की चहचहाहट व जल क्रीड़ा देखने लोग पहुंच रहे हैं। सर्दी की आहट के साथ ही सुंदरनगर का बीएसएल जलाशय प्रवासी पक्षियों से गुलजार होने लगा हैं।
चारों तरफ प्राकृतिक आवास में पेड़-पौधों से घिरे जलाशय में इन मेहमानों को नजदीक से देखने का मजा ही कुछ और है। बता दें, सर्दियों के मौसम में जहां बाहरी राज्यों के पर्यटक प्रदेश के सुहावने मौसम का लुत्फ उठाने के लिए आते हैं, वहीं विदेशी परिंदे भी इस मौसम में प्रदेश की विभिन्न झीलों में विचरण करते यहां की रौनक बढ़ाते हैं। सुंदरनगर स्थित बीएसएल जलाशय में भी प्रतिवर्ष सर्दियों के मौसम में तिब्बत और साइबेरिया से विदेशी परिंदे डेरा डालते हैं।
बीएसएल जलाशय के अलावा विदेशी परिंदे रिवालसर झील, सरकीधार स्थित कुंतभ्यो झील तथा नेरचौक के नलसर स्थित झील में भी अठखेलियां करते देखे जा सकते हैं। इनके आने का सिलसिला नवंबर की शुरुआत में आरंभ हो जाता है। जलाशय की खूबसूरती को चार चांद लगाकर ये परिंदे मार्च-अप्रैल में अपने स्थायी ठिकानों की ओर रुखसत हो जाते हैं।