यहाँ स्वर्ग प्रवास पर निकले देवी-देवता, नही होंगे शुभ कार्य और धार्मिक अनुष्ठान
HNN / शिमला
हिमाचल प्रदेश के रामपुर बुशहर, कुल्लू और किन्नौर जिले के देवी-देवता मकर संक्रांति पर्व पर एक माह के स्वर्ग प्रवास पर निकल गए हैं। शनिवार को सुबह तड़के पक्षियों के चहचहाने से पूर्व लोगों ने विधि-विधान के साथ पूजा कर देवी-देवताओं को विदा किया। जिसके चलते अब इन जिलों में एक माह तक मंदिरों के कपाट बंद रहेंगे। ऐसे में किसी भी तरह के शुभ कार्य और धार्मिक अनुष्ठान नहीं होंगे।
मान्यता है कि यहाँ हर वर्ष देवी-देवता मकर संक्रांति पर स्वर्ग लोक के लिए प्रस्थान करते हैं। इसके बाद एक महीने तक मंदिरों के कपाट बंद हो जाते हैं। इस दौरान ग्रामीण अपने ईष्ट देवताओं को एक माह तक केवल आकाश की ओर धूप (पाजा की पत्तियां) और जल अर्पित करेंगे। इसके बाद स्वर्ग प्रवास के बाद मंदिर पहुंचने पर देवता साहिब वर्ष भर का फलादेश सुनाएंगे।